धनबाद: मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए धनबाद ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार रविवार को अपने परिवार के साथ कदईया ग्राम, टुंडी रोड स्थित लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम पहुँचे। आश्रम में उन्होंने सभी वृद्धजनों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और काफी समय उनके साथ बिताया।
डीएसपी अरविंद कुमार ने बुजुर्गों के अतीत की कहानियाँ सुनीं, उनके अनुभवों को जाना और आश्रम में गाए जा रहे भक्ति-भजन और कीर्तन पर स्वयं भी झूमते नजर आए। उन्होंने आश्रम में मौजूद सभी वृद्धजनों को शाम का नाश्ता भी करवाया।आश्रम के बुजुर्गों ने डीएसपी अरविंद और उनके परिवार को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनका आगमन उनके लिए खुशी और सम्मान का बड़ा पल है।
“वृद्ध माता-पिता की सेवा करना संतान का प्रथम कर्तव्य” — डीएसपी अरविंद
अपने संबोधन में डीएसपी अरविंद कुमार ने कहा—> “वृद्धजनों की सेवा और सम्मान करना हम सभी का सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य है। माता-पिता हमें जीवन देते हैं और बुढ़ापे में उनका सहारा बनना हमारा धर्म है।”उन्होंने आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी और उनकी टीम द्वारा वर्षों से की जा रही सेवा की सराहना करते हुए कहा कि—> “नौशाद गद्दी और उनके सहयोगियों द्वारा निरंतर हो रहा यह सामाजिक कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है।”
आश्रम प्रबंधन ने दिया धन्यवादआश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी और सक्रिय सदस्य बी. सुधीर ने डीएसपी अरविंद कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आने से वृद्धजनों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने आशा जताई कि डीएसपी आगे भी समय-समय पर आश्रम का दौरा करते रहेंगे।


















