धनबाद से इंसानियत को झकझोर देने वाली खबरबीमार पत्नी को छोड़ पति फरार, मोहल्ले ने उठाया अंतिम यात्रा का दायित्व

editor
2 Min Read

धनबाद: आजाद नगर अमन सोसाइटी गेट नंबर-1 से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। मोहल्ले में रहने वाली अफसाना परवीन गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, लेकिन आरोप है कि ठीक इसी कठिन समय में उनके पति नौशाद आलम पत्नी और दो मासूम बेटियों को बेसहारा छोड़कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार अफसाना परवीन कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार थीं। इलाज और देखभाल के अभाव में उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। पति के लौटने का इंतजार करते-करते उन्होंने शुक्रवार को अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।

अमन मिल्लत कमेटी के सदस्यों ने पति तक कई बार फोन और संदेशों के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आया। मजबूर होकर मोहल्ले के लोगों और कमेटी ने आपसी सहमति से मृतका के भतीजे तोसिफ को शव सौंपने का निर्णय लिया। इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर अफसाना परवीन के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव, सुपौल (बिहार) भेजा गया।

स्थानीय निवासियों ने पति के इस अमानवीय व्यवहार की कड़ी निंदा की है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक पारिवारिक विफलता नहीं, बल्कि इंसानियत पर बड़ा सवाल है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच करने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई और महिला ऐसी बेबसी और दर्दनाक परिस्थिति का सामना न करे।

Leave a Comment