---
title: "श्री लक्ष्मी चंद कोल्ड स्टोरेज में दीपावली बोनस वितरण को लेकर भेदभाव के आरोप, कर्मचारियों में नाराजगी"
url: "https://vandebharattv.com/shri-lkshmi-chnd-kold-storej-men-dipavli-bons-vitrn/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-09T07:08:15+00:00"
---

# श्री लक्ष्मी चंद कोल्ड स्टोरेज में दीपावली बोनस वितरण को लेकर भेदभाव के आरोप, कर्मचारियों में नाराजगी

श्री लक्ष्मी चंद कोल्ड स्टोरेज में दीपावली बोनस वितरण को लेकर भेदभाव के आरोप, कर्मचारियों में नाराजगी

बन्नी सुलेमाबाद, फतेहपुर (बाराबंकी)।

तहसील फतेहपुर क्षेत्र के बन्नी सुलेमाबाद के निकट स्थित श्री लक्ष्मी चंद कोल्ड स्टोरेज में दीपावली के पावन पर्व पर बोनस वितरण को लेकर कर्मचारियों के साथ भेदभाव किए जाने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज में संचालित आरओ प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों को बोनस के नाम पर लिफाफे में मात्र 500 रुपये दिए गए। वहीं दूसरी ओर आलू भंडारण के कार्य में लगे कर्मचारियों एवं अन्य लेबरों को उनकी मासिक सैलरी का आधा हिस्सा बोनस के रूप में दिया गया।

बोनस वितरण में इस तरह का अंतर सामने आने के बाद आरओ प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों में नाराजगी बताई जा रही है। कर्मचारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब सभी कर्मचारी एक ही संस्थान में मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम करते हैं, तो दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर बोनस वितरण में इतना अंतर क्यों रखा गया?

कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार सभी के लिए खुशियां लेकर आता है और संस्थान में काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी को सम्मान एवं प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

अब देखने वाली बात यह होगी कि श्री लक्ष्मी चंद कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और कर्मचारियों की नाराजगी दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।

विशेष: इस संबंध में कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
