धनबाद: तुलसी दिवस के अवसर पर 25 दिसंबर को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर श्रीराम सेना एवं अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा निःशुल्क तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को धार्मिक, सांस्कृतिक और आयुर्वेदिक महत्व से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व समाजसेवी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदू परंपराओं में तुलसी पूजन का विशेष महत्व है। शास्त्रों के अनुसार तुलसी में माता लक्ष्मी का वास माना जाता है, जो सुख-समृद्धि की देवी हैं। आयुर्वेद में तुलसी को औषधीय पौधा बताते हुए अनेक रोगों में लाभकारी बताया गया है। उन्होंने कहा कि तुलसी पूजन से नकारात्मकता का नाश होता है और घर में सुख-शांति बनी रहती है। उन्होंने सभी हिंदू भाई-बहनों से तुलसी दिवस पर विधि-विधान से तुलसी पूजन करने की अपील की।
कार्यक्रम में श्रीराम सेना के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, यूथ फोर्स धनबाद के अध्यक्ष अभिषेक विश्वकर्मा, महासचिव शंकर पांडे, वरीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा, महामंत्री चीकू कुमार, संगठन महामंत्री शुभम शर्मा, भाजपा ग्रामीण के जिला महामंत्री मनोज मिश्रा, जिला मंत्री प्रकाश बावरी, जय धरती मां फाउंडेशन के संस्थापक रवि कुमार निषाद, मानव मानवाधिकार प्रोटेक्शन के प्रदेश प्रभारी सुदिस्ट कुमार, सखियम फाउंडेशन की अध्यक्ष भारती दुबे, पंख एक नई दिशा की अध्यक्ष पिंकी गुप्ता सहित कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तुलसी पौधे प्राप्त किए और पर्यावरण संरक्षण व धार्मिक परंपराओं को अपनाने का संकल्प लिया।


















