आसनसोल | 06 जनवरी 2026-:पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में सीमेंट लोडिंग के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है। अप्रैल से दिसंबर 2025 की अवधि में मंडल द्वारा 2.53 मिलियन टन सीमेंट की लोडिंग की गई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष 2024–25 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 2.29 मिलियन टन था। इस प्रकार सीमेंट लोडिंग में 10.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
रेल आधारित सीमेंट परिवहन में इस बढ़ोतरी से देशभर में आवास, सड़क, रेलवे, सिंचाई एवं शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिली है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी के कारण सीमेंट का बड़े पैमाने पर, किफायती और भरोसेमंद परिवहन सुनिश्चित हुआ है, जिससे निर्माण आपूर्ति श्रृंखला और अधिक सुदृढ़ हुई है।
सीमेंट लोडिंग में सुधार का सकारात्मक प्रभाव आसनसोल मंडल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। बेहतर लॉजिस्टिक सपोर्ट से सीमेंट उद्योग की उत्पादन क्षमता और बाजार तक पहुंच बढ़ी है, जिससे औद्योगिक गतिविधियों में तेजी और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। इसके साथ ही रेल परिवहन को प्राथमिकता मिलने से ईंधन की बचत, सड़क यातायात में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह उपलब्धि परिचालन दक्षता में सुधार, रेक की समय पर उपलब्धता और ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है। भारतीय रेलवे की माल ढुलाई नीति के अनुरूप आसनसोल मंडल आगे भी रेल को सुरक्षित, ऊर्जा-कुशल और पर्यावरण अनुकूल परिवहन माध्यम के रूप में बढ़ावा देता रहेगा।मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवसंरचनात्मक विकास, ग्राहक-केंद्रित पहल और सतत निगरानी के माध्यम से माल ढुलाई कार्य-निष्पादन को और बेहतर किया जाएगा।















