धनबाद: असर्फी अस्पताल में पिछले महीने हुए उपद्रव और पुलिस टीम पर पथराव के मामले में धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
घटना 24 अक्टूबर की रात की है, जब सड़क दुर्घटना में घायल नंदू राय को असर्फी अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजन और सहयोगी आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में भारी तोड़फोड़ की। इस दौरान डॉक्टरों के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई, साथ ही अस्पताल की लगभग 40 से 50 लाख की संपत्ति को क्षति पहुँचाई गई।
उपद्रवियों को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी ने बताया कि इस मामले में 40 से 50 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आक्रोश में कानून हाथ में न लें और अस्पताल जैसी संवेदनशील जगहों पर किसी प्रकार की तोड़फोड़ या हिंसा से बचें। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

















