---
title: "सकीट: 14 मांगों को लेकर सड़क पर उतरे ड्राइवर, 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी"
url: "https://vandebharattv.com/skit-14-mangon-ko-lekr-sdk-pr-utre-draivr/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-12T12:21:00+00:00"
---

# सकीट: 14 मांगों को लेकर सड़क पर उतरे ड्राइवर, 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

सकीट (एटा)। एटा जिले में ड्राइवरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। थाना मलावन क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर ड्राइवरों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। ड्राइवर संगठनों ने 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी और उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन ने हड़ताल का ऐलान किया है। एटा में संगठन के जिलाध्यक्ष चरन सिंह के नेतृत्व में ड्राइवरों ने आंदोलन की तैयारी की है। प्रदर्शन के दौरान ड्राइवरों ने सरकार से अपनी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

ड्राइवर संगठनों ने कुल 14 मांगें रखी हैं। इनमें ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना, ड्राइवर आयोग और वेलफेयर बोर्ड का गठन करना प्रमुख हैं। इसके अलावा दुर्घटना बीमा, पेंशन की सुविधा, ड्राइवरों के लिए विश्राम गृह बनाने और पुलिस उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है।

ड्राइवरों का कहना है कि देश की परिवहन व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उनकी सुरक्षा और सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

आंदोलन के दौरान संगठन ने नारा दिया, “ड्राइवर सुरक्षा कानून हमारा अधिकार, ड्राइवर आयोग हमारा अधिकार। देश चलाने वाले ड्राइवरों को सम्मान और सुरक्षा दो।”

संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
