---
title: "सकीट के देवी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु"
url: "https://vandebharattv.com/skit-ke-devi-mndir-men-dhumdham-se-mnaya-gya/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-21T06:12:38+00:00"
---

# सकीट के देवी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

सकीट (एटा)। कस्बा सकीट स्थित देवी मंदिर में शुक्रवार को खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। बाबा के दर्शन और जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने खाटू श्याम बाबा के भजन-कीर्तन किए और भक्ति गीतों के माध्यम से बाबा का गुणगान किया। मंदिर परिसर में जय श्री श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के जन्मोत्सव पर पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के अवसर पर मनाया जाता है। इस वर्ष 20 नवंबर को बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।

सकीट के देवी मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
