---
title: "सकीट के राकेश की नीमकरोरी दर्शन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत"
url: "https://vandebharattv.com/skit-ke-rakesh-ki-nimkrori-drshn-ke-dauran-sndigdh/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-12T04:20:34+00:00"
---

# सकीट के राकेश की नीमकरोरी दर्शन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

सकीट (एटा)। सकीट क्षेत्र से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। रिजोर थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी 40 वर्षीय राकेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ नीमकरोरी दर्शन करने गए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार राकेश अपने दोस्त सत्यपाल के साथ नई कैंटर से पूजा-पाठ कराने के लिए निकले थे। उनके साथ करीब 30 से 35 अन्य लोग भी मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक रात करीब नौ बजे राकेश की मौत की सूचना मिली। इसके बाद दोस्त सत्यपाल एंबुलेंस से शव लेकर रात करीब 11 बजे गांव पहुंचा।

शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने मौत को संदिग्ध मानते हुए रिजोर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

राकेश के भतीजे राहुल ने बताया कि उनके चाचा दोस्त सत्यपाल के साथ दर्शन करने गए थे। वहीं थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि राकेश की मौत फिरोजाबाद में हुई है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
