---
title: "सकीट में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम"
url: "https://vandebharattv.com/skit-men-22-vrshiy-yuvk-ki-sndigdh-pristhitiyon-men/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:07+00:00"
---

# सकीट में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम

सकीट (एटा)। थाना सकीट क्षेत्र के गांव बक्शीपुर खास में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मच गया। युवक का शव घर के अंदर मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राधेश्याम के 22 वर्षीय पुत्र राघवेंद्र के रूप में हुई है। घर के अंदर युवक का शव मिलने की जानकारी परिजनों को हुई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना सकीट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

22 वर्षीय युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
