---
title: "सकीट में जियो के बाद एयरटेल नेटवर्क ने भी बढ़ाई परेशानी, कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित"
url: "https://vandebharattv.com/skit-men-jiyo-ke-bad-eyrtel-netvrk-ne-bhi/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:08+00:00"
---

# सकीट में जियो के बाद एयरटेल नेटवर्क ने भी बढ़ाई परेशानी, कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित

सकीट (एटा)। कस्बा सकीट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से लोग परेशान हैं। क्षेत्र में पिछले करीब दो वर्षों से जियो का नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार कस्टमर केयर पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। हर बार जल्द नेटवर्क ठीक होने का आश्वासन दिया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।

जियो नेटवर्क की खराब स्थिति के बीच एयरटेल का नेटवर्क बेहतर होने के कारण लोगों को कुछ राहत मिल रही थी, लेकिन पिछले करीब एक सप्ताह से एयरटेल का सर्वर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। इससे क्षेत्र के मोबाइल उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

लोगों के मुताबिक मोबाइल में इंटरनेट डेटा नहीं चल रहा है, कॉल बार-बार ड्रॉप हो रही हैं, आवाज ठीक से सुनाई नहीं देती और कई बार कॉल लगने में भी परेशानी होती है। ऐसे में ऑनलाइन कामकाज, पढ़ाई और जरूरी बातचीत प्रभावित हो रही है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि टेलीकॉम कंपनियां रिचार्ज का पूरा पैसा ले रही हैं, लेकिन ग्राहकों को उसके अनुरूप नेटवर्क और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

अब क्षेत्र के लोगों के सामने सवाल है कि जब जियो और एयरटेल दोनों के नेटवर्क में परेशानी है तो वे अपनी जरूरतों के लिए किस नेटवर्क का सहारा लें। उपभोक्ताओं ने संबंधित टेलीकॉम कंपनियों से सकीट क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
