---
title: "संविधान दिवस पर ज्ञानोदय विद्यालय में गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश, मनोज परमार ने विद्यार्थियों को किया जागरूक"
url: "https://vandebharattv.com/snvidhan-divs-pr-jnyanody-vidyaly-men-gunja-rashtr-nirman/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-26T15:59:09+00:00"
---

# संविधान दिवस पर ज्ञानोदय विद्यालय में गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश, मनोज परमार ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

रिपोर्टर डॉ विजय सोलंकी

उज्जैन के शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई।

इस दौरान मनोज परमार ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्ष और शिक्षा की शक्ति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल किताबों में पढ़ने का विषय नहीं, बल्कि इसके मूल्यों को जीवन में अपनाना भी जरूरी है। बाबा साहेब ने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया और देश को एक मजबूत संवैधानिक व्यवस्था देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को सामाजिक और राष्ट्रीय चुनौतियों के प्रति जागरूक रहने, भ्रामक प्रचार से बचने तथा शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक समरसता को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक और राष्ट्र निर्माण के कर्णधार बनेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य संध्या शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, वरिष्ठ अध्यापक वीरेंद्र कुमार सुमन सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। सैकड़ों विद्यार्थियों की सहभागिता के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
