धनसार नगर में सामाजिक सद्भाव की बैठक संपन्न, एकजुट समाज का दिया गया संदेश

editor
2 Min Read

धनबाद | 18 जनवरी: धनसार नगर स्थित को वीणा बाल स्कूल में रविवार को सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चली, जिसमें धनसार नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से सभी जाति और समाज के प्रमुख व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत तिलक एवं भारत माता के पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात बैठक को दो चरणों में संपन्न किया गया।पहले चरण में परिचय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न समाजों से आए गणमान्य लोगों का आपस में परिचय कराया गया। इस सत्र के माध्यम से परस्पर संवाद और सहयोग की मजबूत नींव रखने पर बल दिया गया।

दूसरे चरण में संवाद सत्र आयोजित हुआ, जिसमें वक्ताओं ने समाज को एक सूत्र में बांधे रखने, जाति-पात से ऊपर उठकर एकजुट रहने और आपसी मतभेदों को दूर करने पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि समाज की मजबूती एकता में है और सभी को मिलकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखना चाहिए। युवाओं से सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का भी आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य बौद्धिककर्ता के रूप में डॉ. सुनील कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक को सफल बनाने में श्रवण कुमार, अनिल कुमार, महेंद्र मिस्त्री, कमलेश पांडेय सहित अन्य स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस तरह के संवादात्मक और समरसता को बढ़ावा देने वाले आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति जताई। यह बैठक धनसार नगर में सामाजिक एकता और सद्भाव की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल के रूप में देखी जा रही है।संदेश स्पष्ट रहा—समाज एक रहे, देश मजबूत बने।

Leave a Comment