धनबाद, 3 दिसंबर 2025अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ धनबाद द्वारा संचालित जीवन ज्योति विशेष विद्यालय में बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम और वॉक टू फ्रीडम अवेयरनेस रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता, अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मयंक तुषार टोपनो (वरीय न्यायाधीश-सह-सचिव, डालसा) उपस्थित थे। उनके साथ रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व निदेशक श्री कमल संघवी, डालसा के चीफ एलएडीसीएस डॉ. कुमार विमलेंदु, रोटरी क्लब के अध्यक्ष नवल उपाध्याय, जीवन ज्योति की प्राचार्या अपर्णा दास सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सम्मान और संवेदना के साथ-:कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद अतिथियों को दिव्यांग सशक्तिकरण का प्रतीक पीला और नीला रिबन लगाया गया। जीवन ज्योति के बच्चों द्वारा बनाए गए पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
बच्चों को सशक्त बनाने का 37 वर्षों से मिशन-:रोटरी क्लब अध्यक्ष नवल उपाध्याय ने बताया कि जीवन ज्योति पिछले 37 वर्षों से विशेष बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास की सुविधाएँ प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह रोटरी क्लब का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जो लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है।
“ये बच्चे डिसेबल्ड नहीं, बल्कि विशेष रूप से सक्षम हैं”—कमल संघवी-:रोटरी इंटरनेशनल के पूर्व निदेशक कमल संघवी ने कहा कि विशेष बच्चों में अद्भुत क्षमता होती है।“ये बच्चे डिसेबल्ड नहीं, बल्कि हमारे और आपसे अधिक रचनात्मक क्षमता रखते हैं,” उन्होंने कहा।
“समाज का दायित्व है दिव्यांगों को अवसर और सम्मान मिले”—श्री टोपनो-:मुख्य अतिथि मयंक तुषार टोपनो ने जीवन ज्योति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा—“हमें वर्ष में केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने और उन्हें उचित अवसर देने की दिशा में काम करना चाहिए।”उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि किसी भी विधिक जरूरत में डालसा हमेशा सहायता के लिए तत्पर होगा।
डालसा करेगा विशेष जागरूकता शिविर-:डॉ. कुमार विमलेंदु ने बताया कि डालसा भविष्य में अभिभावकों के लिए विशेष विधिक जागरूकता शिविर लगाएगा, ताकि दिव्यांग बच्चों को मिलने वाले अधिकार और सुविधाओं की पूरी जानकारी मिल सके।
रैली में सैकड़ों लोग शामिल-:जागरूकता रैली मेंजीवन ज्योति के विशेष बच्चे,धनबाद ब्लाइंड स्कूल के छात्र,रोट्रेक्ट क्लब BIT सिंदरी,रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के सदस्यसहित बड़ी संख्या में अभिभावकों ने हिस्सा लिया।रैली के माध्यम से समाज को संदेश दिया गया कि दिव्यांगजन हमारे संबल, सम्मान और समान अवसर के अधिकारी हैं।
कार्यक्रम के बाद बच्चों के लिए पिकनिक-:कार्यक्रम के उपरांत श्री राहुल व्यास के सौजन्य से बच्चों के लिए पिकनिक का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
धन्यवाद और समापन-:कार्यक्रम का संचालन श्री संजीव बेयोत्रा ने किया और अंत में श्री वीरेश दोशी ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।इस अवसर पर समाज में दिव्यांगजनों को बेहतर अवसर, शिक्षा, सम्मान और अधिकार दिलाने का संकल्प दोहराया गया।


















