अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर ‘पहला कदम’ विद्यालय में मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा का विशेष कार्यक्रम दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट केंद्र है पहला कदम — डॉ. अभिनय शर्मा

editor
2 Min Read

धनबाद/झरिया: अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर मंगलवार को मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा सरायढेला स्थित पहला कदम (School for Special Children) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रेवेन्सॉ विश्वविद्यालय, कटक के भू-विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अभिनय शर्मा, शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, शाखा सचिव दीपक अग्रवाल, संयोजक मयंक केजरीवाल और नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव अनिता अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. अभिनय शर्मा ने पहला कदम विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था दिव्यांग बच्चों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और कौशल-विकास के लिए अत्यंत प्रेरक वातावरण प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा, “पहला कदम दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट केंद्र है। यहाँ का समर्पण समाज में सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।”

शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा हमेशा समाज के वंचित और विशेष जरूरतों वाले वर्गों के उत्थान के लिए सेवा भाव से कार्य करता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पहला कदम जैसे संस्थान केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि सम्मान, अवसर और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में विशेष बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच बिस्किट, केक और चॉकलेट वितरित किए गए।

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संदेश दिया कि संवेदनशील और सहयोगी समाज निर्माण की दिशा में ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Comment