पवन वर्मा | श्रावस्ती1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
SSB ने स्कूली बच्चों को दिखाई सैन्य शक्ति।
श्रावस्ती में 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक अनूठी पहल की। भिनगा स्थित एसएसबी कैंप में कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण के नेतृत्व में हथियार और सुरक्षा उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल, बहराइच के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
एसएसबी के जवानों ने छात्रों को छोटे-बड़े हथियारों की जानकारी दी और उनके सुरक्षित प्रयोग के तरीके समझाए। साथ ही, विभिन्न सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली और बल के पदानुक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में एसएसबी जवानों और छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने बताया कि एसएसबी अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों का उपयोग कर देश की सीमाओं की रक्षा करती है। उन्होंने छात्रों को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया और देश सेवा के प्रति जागरूक किया।
यह प्रदर्शनी एसएसबी के शैक्षिक और जागरूकता अभियान का हिस्सा थी। कार्यक्रम में उप कमांडेंट पियूष सिन्हा, सोनू कुमार, गोबर्धन पुजारी सहित अन्य जवान और स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश की सुरक्षा व्यवस्था से परिचित कराना और उनमें देशभक्ति की भावना जागृत करना था।