धनबाद स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक, वैध टिकट व यात्रियों के अधिकारों पर दिया गया संदेश

editor
2 Min Read

धनबाद, 03 दिसंबर 2025टिकट फर्जीवाड़ा रोकने और यात्रियों को जागरूक करने के उद्देश्य से धनबाद मंडल द्वारा बुधवार को धनबाद रेलवे स्टेशन के पोर्टिको परिसर में जागरूकता आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के महत्व से अवगत कराया गया।

प्रस्तुति में दर्शाया गया कि फर्जी या अवैध टिकट के उपयोग से यात्रियों को आर्थिक नुकसान, जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि ऐसा करना सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिमपूर्ण है।

नाटक में कैटरिंग सामग्री पर निर्धारित मूल्य से अधिक शुल्क वसूले जाने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। यात्रियों को जागरूक किया गया कि यदि उनसे अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है तो वे तत्काल इसकी शिकायत रेल प्रशासन को करें।

नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति ने यात्रियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और उन्हें संदेश दिया कि सुरक्षित और नियमबद्ध यात्रा के लिए वैध टिकट अनिवार्य है।धनबाद मंडल ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि टिकट फर्जीवाड़े एवं कैटरिंग सामग्री पर अतिरिक्त शुल्क वसूली की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Comment