गिरिडीह में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई, अवैध बेकरी व मिठाई कारखानों पर छापेमारी

editor
3 Min Read

गिरिडीह | 20 जनवरी 2026गिरिडीह जिले में मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में जिले के विभिन्न बेकरी, मिठाई कारखानों एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जुर्माना और नोटिस जारी किया।

केडिया स्वीट्स पर कार्रवाई

जरीडीह, पचम्बा स्थित केडिया स्वीट्स के कारखाने में बिना मैन्युफैक्चरिंग फूड सेफ्टी लाइसेंस और बिना FSSAI नंबर के मिठाइयों की पैकेजिंग की जा रही थी। साथ ही परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई।इस पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और 7 दिनों के भीतर मैन्युफैक्चरिंग श्रेणी का फूड सेफ्टी लाइसेंस बनवाने का नोटिस जारी किया। मौके से खोवा का सैंपल लेकर रासायनिक जांच के लिए रांची भेजा गया।

पूनम बेकरी पर बड़ी कार्रवाई

बढ़तर गली, पचम्बा स्थित पूनम बेकरी में भी बिना फूड सेफ्टी लाइसेंस के पाव रोटी, बिस्किट, पेटीज और केक का निर्माण व पैकेजिंग की जा रही थी। उत्पादों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट का भी उल्लेख नहीं था।खाद्य सुरक्षा विभाग ने यहां भी 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया, 7 दिनों में लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया और कारखाने में मौजूद सभी खाद्य पदार्थों को तत्काल जब्त कर लिया।

पीहू बेकरी को मिली राहत

निरीक्षण के दौरान पीहू बेकरी में वैध फूड सेफ्टी लाइसेंस और संतोषजनक स्वच्छता पाई गई, जिस पर विभाग ने संतोष व्यक्त किया।

स्वच्छता और प्रशिक्षण पर जोर

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को FOOD SAFETY TRAINING कराने का निर्देश दिया। साथ ही कर्मचारियों को सिर पर कैप पहनने, परिसर में नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने और स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Leave a Comment