आसनसोल, 11 दिसंबर 2025:आसनसोल मंडल में “ऑपरेशन नन्हे फ़रिश्ते” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बार फिर मानवीय संवेदना और सतर्कता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। 10 दिसंबर 2025 को दुमका रेलवे स्टेशन पर RPF पोस्ट दुमका की टीम ने एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के को बचाया, जो गलती से ट्रेन में चढ़कर दुमका पहुंच गया था।
नियमित गश्त के दौरान शाम लगभग 5 बजे प्लेटफॉर्म संख्या–1 पर RPF कर्मियों ने एक किशोर को अकेले बैठे हुए, घबराया और परेशान देखा। पूछताछ में उसने अपना नाम नमीम अंसारी, पिता का नाम रामजनी अंसारी, निवासी — जिला गोड्डा, झारखंड बताया। बच्चे ने बताया कि वह अनजाने में एक ट्रेन में चढ़ गया था और बिना किसी जानकारी के दुमका पहुंच गया।
घटना की सूचना तत्काल स्टेशन अधीक्षक/दुमका और चाइल्ड हेल्प डेस्क को दी गई। इसके बाद नाबालिग को सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट दुमका में लाया गया, जहां उसे आवश्यक सुरक्षा और देखभाल प्रदान की गई।सभी कानूनी प्रक्रियाओं के पालन के बाद बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, दुमका के सुपुर्द कर दिया गया।
RPF की यह त्वरित कार्रवाई आसनसोल मंडल की सतर्कता और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। “ऑपरेशन नन्हे फ़रिश्ते” के तहत मंडल लगातार ऐसी पहल कर रहा है, जिससे रेलवे परिसर में भटकने वाले या संकट में फंसे बच्चों को सुरक्षित बचाया जा सके।















