धनबाद में प्री-बोर्ड परीक्षा का सफल आगाज, 90% से अधिक छात्रों की रही उपस्थिति

editor
2 Min Read

धनबाद जिले में मैट्रिक और इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए आयोजित प्री-बोर्ड परीक्षा का आज से सफलतापूर्वक शुभारंभ हुआ। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शुरू हुई इस परीक्षा में छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा है। जिले के विभिन्न विद्यालयों में 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज की गई है।

15 जनवरी 2026 से धनबाद जिले में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की द्वितीय प्री-बोर्ड परीक्षा तथा 9वीं और 11वीं की प्रथम प्री-बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के पहले ही दिन छात्रों की उपस्थिति उत्साहजनक रही।प्राणजीवन एकेडमी में 99 प्रतिशत, राज प्लस टू स्कूल झरिया में 93 प्रतिशत, अपग्रेडेड हाई स्कूल करमाटांड में 98 प्रतिशत और मॉडल स्कूल गोविंदपुर में 99 प्रतिशत छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई। जिले के अधिकांश विद्यालयों में उपस्थिति का आंकड़ा 90 प्रतिशत से ऊपर रहा।

उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार परीक्षा के बाद सभी विद्यालयों में पिछले प्री-बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई। साथ ही टॉपर छात्रों के अंक डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए और विद्यार्थियों के साथ प्रश्न पत्रों पर चर्चा की गई। अनुपस्थित छात्रों को शिक्षकों द्वारा फोन कर ट्रैक किया गया और परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा एसएमसी और पीटीएम बैठकों में परीक्षा परिणामों पर भी चर्चा की गई।

निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने टुंडी के मनियाडीह स्थित प्रोजेक्ट प्लस टू हाई स्कूल का दौरा किया, जबकि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने गोविंदपुर के अपग्रेडेड हाई स्कूल कसियाटांड का निरीक्षण किया। संबंधित प्रखंडों के बीडीओ ने भी विद्यालयों का भ्रमण कर छात्रों का मार्गदर्शन किया।

प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन 16, 19, 20, 21 और 22 जनवरी को दो पालियों में किया जाएगा। मैट्रिक की परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे तक और इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर 12:30 से 3:30 बजे तक होगी। वहीं 24 जनवरी 2026 को प्री-बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।

Leave a Comment