---
title: "सुमेरपुर में डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम, सिंगल सड़क बनी मुसीबत; एंबुलेंस और राहगीर परेशान"
url: "https://vandebharattv.com/sumerpur-men-dedh-kilomitr-lnba-jam-singl-sdk-bni/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-19T05:43:17+00:00"
---

# सुमेरपुर में डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम, सिंगल सड़क बनी मुसीबत; एंबुलेंस और राहगीर परेशान

![News video GIF](https://vandebharattv.com/wp-content/uploads/2026/11/reporter-frame-jcoduCF2jT.jpg)

सुमेरपुर में डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम, सिंगल सड़क बनी मुसीबत; एंबुलेंस और राहगीर परेशान

सुमेरपुर (हमीरपुर)। 18 नवंबर 2026, रात करीब 8:30 बजे। हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में सिंगल सड़क होने के कारण बुधवार रात करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में राहगीरों के साथ एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

कस्बे में सड़क की कम चौड़ाई और वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। देखते ही देखते जाम ने विकराल रूप ले लिया। बाइक, कार, चारपहिया और अन्य वाहन जाम में फंस गए। राहगीरों को निकलने तक का रास्ता नहीं मिल पा रहा है।

जाम की सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराने के लिए मशक्कत शुरू कर दी। पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को निकलवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंगल सड़क और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण कस्बे में अक्सर जाम की समस्या पैदा होती है। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

संवाददाता: निजाम खान
 वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर
