आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी कर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकी दी है। (फाइल)
खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को हत्या की धमकी दी है।
.
पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा कि इस बार 15 अगस्त पर फरीदकोट में भगवंत मान निशाने पर रहोगे। हम मान के झंडा फहराने का विरोध करते हैं। पन्नू ने लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर भी लोगों को भड़काने की कोशिश की।
पन्नू ने वीडियो में यह भी दावा किया कि अमृतसर में बस स्टैंड के पास मंदिर, कोर्ट परिसर और खालसा कॉलेज की दीवारों पर ‘खालिस्तानी, SFJ रेफरेंडम और भगवंत मान मुर्दाबाद’ के नारे लिखवाए हैं।

पन्नू ने वीडियो में दावा किया कि 7 अगस्त को अमृतसर के खालसा कॉलेज के बोर्ड पर खालिस्तानी नारे लिखे गए हैं।
वीडियो में आतंकी पन्नू ने ये दावे किए….
- पन्नू ने कहा- 15 अगस्त पंजाब की आजादी का दिवस नहीं है। आज खालिस्तानी समर्थकों ने बस स्टैंड के पास हिंदू मंदिर पर नारे लिखवाए हैं। जिला कचहरी पर SFJ रेफरेंडम जिंदाबाद, भगवंत मान मुर्दाबाद लिखा है। यहां दो मंदिर बेइंसाफी हैं। ये सिख पंथ व सिखों के हक में नहीं बोलते।
- आतंकी ने आगे कहा कि हिंदू समाज और किसानों, 15 तारीख याद रखो। फरीदकोट में या अन्य आम आदमी पार्टी वाले जहां भी तिरंगा फहरा रहे हैं, वहां खालिस्तान का झंडा फहराओ। अगर हिंदू खालिस्तान के हक में नहीं बोलते, तो खालिस्तान बनने के बाद कानूनी तौर पर हिसाब मांगा जाएगा।
- भगवंत मान को धमकी देते हुए पन्नू ने कहा ये संदेश हिंदुओं व भगवंत मान के लिए है। 40 हजार एकड़ जमीन कब्जे में की जा रही है। 15 अगस्त को ये तिरंगे फहरा रहे हैं। अगर जमीन बचानी है तो जहां भी आम आदमी पार्टी वाले तिरंगा फहरा रहे हैं, वहां खालिस्तानी झंडा लहराओ। भगवंत मान बेअंत सिंह को याद रखना। पिछले साल 15 अगस्त को बुलेट प्रूफ ग्लास में था। इस बार निशाने पर फरीदकोट में रहोगे।
पुजारी बोले- नारों पर पेंट करवाया अमृतसर के शिवाला भाइयां मंदिर की दीवारों पर आतंकी पन्नू की तरफ से खालिस्तान समर्थित स्लोगन लिखवाए गए थे। मंदिर के प्रधान जतिंदर अरोड़ा ने बताया कि सुबह जब मंदिर खोला गया तो वहां खालिस्तान के नारे लिखे पाए गए, जो कुछ शरारती तत्वों द्वारा लिखे गए थे। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी। फिलहाल उन नारों पर पेंट कर दिया गया है और संगत पहले की तरह मंदिर में आ रही है।

गणतंत्र दिवस से पहले भी दी थी धमकी आतंकी पन्नू ने इसी साल गणतंत्र दिवस से पहले भी मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकी दी थी। तब भी पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा था- ‘मुख्यमंत्री की बुलेटप्रूफ सुरक्षा उन्हें शारीरिक नुकसान से बचा सकती है, लेकिन ‘राजनीतिक मौत’ से नहीं।’
26 जनवरी को भगवंत मान को फरीदकोट में झंडा फहराना था। हालांकि पन्नू की धमकी के बाद अचानक उनके कार्यक्रम में बदलाव हुआ और उन्होंने पटियाला में झंडा फहराया। तब पुलिस ने कहा था कि CM के व्यस्त शेड्यूल के कारण कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया गया।
