नई दिल्ली/गोवा:इंसानियत और चिकित्सकीय कर्तव्य की मिसाल पेश करते हुए कर्नाटक कांग्रेस की पूर्व विधायक और पेशे से डॉक्टर डॉ. अंजलि निम्बालकर ने गोवा से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट में अमेरिकी महिला यात्री की जान बचाई। उड़ान के दौरान महिला अचानक बेहोश होकर अपनी सीट पर गिर पड़ी। जांच करने पर उसकी नब्ज़ नहीं मिल रही थी और कार्डियक अरेस्ट जैसे लक्षण सामने आए, जिससे फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए डॉ. अंजलि निम्बालकर तुरंत आगे आईं और बिना समय गंवाए फ्लाइट के अंदर ही सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। सीमित संसाधनों और हज़ारों फीट की ऊंचाई पर मौजूद चुनौतियों के बावजूद उन्होंने धैर्य और कुशलता के साथ उपचार जारी रखा। कुछ ही मिनटों में महिला की सांस और नब्ज़ वापस लौट आई, जिससे उसकी जान बच सकी।
घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने राहत की सांस ली और डॉ. अंजलि के साहस, त्वरित निर्णय और मानवता की भावना की जमकर सराहना की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सही समय पर लिया गया निर्णय और सेवा भाव किसी के लिए जीवनदान बन सकता है।

















