राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाया हरी झंडी।

editor
1 Min Read

धनबाद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझना हर नागरिक का कर्तव्य है।

उपायुक्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध व क्विज प्रतियोगिता, सघन वाहन जांच सहित कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो संदेशों द्वारा लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने, गति सीमा का पालन करने और ओवरटेक से बचने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन इन प्रयासों की सफलता नागरिकों की सहभागिता पर निर्भर करती है। इस कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर द्विवेदी, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment