रांची। रांची के रिंग रोड स्थित सुकुरहुटू में एक मां अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर कठिनाई से जूझते हुए मिसाल पेश कर रही है। चौधरी फ़्यूल पेट्रोल पंप की रोशनी में हर रात 8 वर्षीय एलेक्स मुंडा पढ़ाई करता है, जबकि उसकी मां नूतन टोप्पो खुद उसे पढ़ाती हैं।
सात साल पहले पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी नूतन टोप्पो के कंधों पर आ गई। दिनभर पेट्रोल पंप पर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने के बाद रात होते ही वही पेट्रोल पंप उनके और बेटे के लिए कक्षा बन जाता है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद नूतन टोप्पो अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहतीं।
मां-बेटे की यह संघर्ष भरी कहानी न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दिखाती है कि मजबूत इरादों के सामने परिस्थितियां हार मान जाती हैं। नूतन टोप्पो को उम्मीद है कि उनका बेटा एलेक्स एक दिन पढ़-लिखकर परिवार और समाज का नाम रोशन करेगा। उनके जज्बे और संघर्ष को हर कोई सलाम कर रहा है।















