शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में होगा गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह, तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय।

editor
2 Min Read

धनबाद में गणतंत्र दिवस 2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय मुख्य समारोह शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम, गोल्फ ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।

मुख्य समारोह में विभिन्न प्लाटूनों द्वारा भव्य परेड के साथ-साथ विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जिनमें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और जनहित संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मियों, पुलिस पदाधिकारियों, पंचायत सेवकों और जनसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस पर जिला सशस्त्र बल, झारखंड सशस्त्र बल, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और होमगार्ड के प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 20 से 24 जनवरी तक चलेगा, जबकि 24 जनवरी को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण करेंगे।

26 जनवरी को सुबह 9 बजे उपायुक्त शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में झंडोत्तोलन करेंगे। इसके बाद समाहरणालय, मिश्रित भवन, अनुमंडल कार्यालय, पुलिस लाइन सहित जिले के विभिन्न सरकारी भवनों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया जाएगा।बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, अतिथियों और मीडियाकर्मियों की बैठने की व्यवस्था, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विद्युत साज-सज्जा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला प्रशासन ने इस बार गणतंत्र दिवस समारोह को और भी भव्य व अनुशासित बनाने का संकल्प लिया है।

Leave a Comment