आसनसोल, 27 नवंबर 2025आसनसोल मंडल में रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत आज जसीडीह रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की। आरपीएफ की तत्परता से चोरी की कोशिश को नाकाम कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।
सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेन संख्या 18184 बक्सर–टाटा एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर पहुंचने के दौरान आरपीएफ जवानों ने पार्सल ऑफिस के पास एक युवक को संदिग्ध रूप से घूमते देखा। जवानों की नजर पड़ते ही युवक नए सर्कुलेटिंग एरिया की ओर भागने लगा, लेकिन आरपीएफ टीम ने पीछा कर उसे ऑटो स्टैंड के पास धर दबोचा।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनके स्वामित्व के बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार की गई और आरोपी को बरामद मोबाइल के साथ आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी जसीडीह को सौंप दिया गया। जीआरपी ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
आसनसोल मंडल के अनुसार, आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंडल ने कहा कि रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल मिल सके।















