एसएनएमसीएच से आदिवासी महिला के नवजात की चोरी, भाजपा ने बताया स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता

editor
2 Min Read

धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) से आदिवासी महिला के नवजात शिशु की चोरी के मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय और जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा ने इस घटना को झारखंड सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की “भयावह तस्वीर” करार दिया है।

भाजपा नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर, शर्मनाक और सरकार की लापरवाही को उजागर करने वाली है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासी मुख्यमंत्री होने और धनबाद में आदिवासी जिला अध्यक्ष होने के बावजूद, राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में एक आदिवासी परिवार के नवजात शिशु की चोरी होना सरकार और प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि एसएनएमसीएच जैसे बड़े अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था का इस कदर कमजोर होना बेहद चिंताजनक है। यह घटना साबित करती है कि अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से विफल है और सरकार सिर्फ योजनाओं और दावों तक सीमित रह गई है।

वहीं भाजपा जिला मंत्री पंकज सिन्हा ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक परिवार की पीड़ा नहीं है, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और राज्य की जनता की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल है। भाजपा ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग की है।भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से यह भी मांग की है कि सभी सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो और महिलाओं व नवजात शिशुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Comment