महुदा में ज्वेलर्स दुकान से लाखों की चोरी, खोजी कुत्ते की मदद से जांच जारी

editor
3 Min Read

कतरास:बाघमारा अनुमंडल के महुदा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स नामक सोना-चांदी की दुकान का ताला तोड़कर और ग्रिल गेट काटकर चोरों ने कीमती आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया। यह दुकान महुदा थाना और पुलिस निरीक्षक कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना के संबंध में दुकान के पीछे रहने वाली कुंती देवी ने बताया कि रात के समय आवाज सुनकर जब वह जागीं तो दो चोर उनके घर में घुस आए और चाकू की नोक पर उनके पुत्र को बंधक बना लिया, जबकि एक अन्य चोर बाहर निगरानी करता रहा। इसी दौरान बगल में स्थित ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना रात में ही पुलिस और दुकानदार को दे दी गई थी।

दुकानदार अमित कुमार वर्मा के अनुसार, चोरी की जानकारी मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो पुलिस ने पहले दुकान न खोलने का निर्देश दिया। प्रारंभिक आकलन में करीब दो किलो चांदी, लगभग 15 ग्राम सोने के जेवरात, रिपेयरिंग से जुड़ा सामान और सीसीटीवी का डीवीआर सहित करीब सात लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। दुकानदार ने बताया कि इससे पहले भी उनके साथ छिनतई की घटना हो चुकी है और आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की वारदातें सामने आती रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महुदा थाना प्रभारी ललित रंजन भगत के नेतृत्व में पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से जांच शुरू की। खोजी कुत्ता दुकान के पीछे स्थित एक कर्कट और एक खपरैल मकान की ओर बार-बार इशारा कर रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर कई लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment