रांची। ओरमांझी इलाके में पुलिस ने अवैध खनन से जुड़े एक बड़े विस्फोटक तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बुधवार देर रात पिस्का क्रशर मंडी के पास एक मकान पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
5,000 जिलेटिन स्टिक और 300 डेटोनेटर जब्तग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान मकान से 5,000 जिलेटिन स्टिक और 300 डेटोनेटर बरामद हुए। पुलिस के अनुसार यह विस्फोटक अवैध स्टोन चिप्स माइनिंग तथा अन्य अवैध खनन गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला था।
छापेमारी के दौरान घर में मौजूद दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मकान मालिक से पूछताछ, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरूविस्फोटक जिस मकान से बरामद हुआ है, वह स्थानीय निवासी आनंद बेदिया का बताया जा रहा है। पुलिस मकान मालिक तथा पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोटक कहां से आया और किसे सप्लाई किया जाना था।
ओरमांझी में लंबे समय से सक्रिय है अवैध माइनिंगस्थानीय लोगों के मुताबिक, ओरमांझी क्षेत्र में अवैध माइनिंग वर्षों से चल रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस विस्फोटक स्टॉक को लंबे समय से यहां संग्रहीत कर अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा था, जिसके तार माइनिंग माफिया से जुड़े होने की संभावना है।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही बड़ी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।















