धनबाद। नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम स्कूल में बुधवार को त्रिदिवसीय सीआरइ (Continuing Rehabilitation Education) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम विशेष रूप से स्पेशल एजुकेटर्स की क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आरसीआई (Rehabilitation Council of India) द्वारा मान्यता प्राप्त कुल 50 स्पेशल एजुकेटर्स इस प्रशिक्षण में शामिल हुए हैं।प्रशिक्षण सत्रों का संचालन सीआरसी रांची से आए विशेषज्ञ रंजीत रंजन और बसंत प्रधान कर रहे हैं। इनके साथ पहला कदम स्कूल की ओर से माधुरी पान और इशानी भट्टाचार्य भी प्रशिक्षण टीम का हिस्सा हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल स्पेशल एजुकेटर्स को नई तकनीकों से परिचित कराते हैं, बल्कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और विकास को और प्रभावी बनाते हैं।
पहले दिन प्रतिभागियों को समावेशी शिक्षा, विशेष शिक्षण तकनीक, व्यवहार प्रबंधन और विद्यार्थियों की विविध आवश्यकताओं को समझने से जुड़े सत्रों में प्रशिक्षित किया गया। आगामी दो दिनों में केस स्टडी, प्रायोगिक प्रशिक्षण और नई शिक्षण पद्धतियों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे।नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट और पहला कदम स्कूल का उद्देश्य विशेष बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सेवाओं को और मजबूत बनाना है।















