पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति, स्थानीय गोताखोरों को मिलेगा सम्मान

editor
2 Min Read

धनबाद, 21 दिसंबर 2025:धनबाद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भटिंडा फॉल को एक पूर्ण विकसित पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा की पहल पर राज्य सरकार इस दिशा में सक्रिय हुई है।

झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने विधायक राज सिन्हा तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ भटिंडा फॉल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पर्यटन स्थल की वर्तमान स्थिति, पर्यटकों की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत संरचनाओं का गहन आकलन किया गया।

मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने भटिंडा फॉल तक पहुंचने वाली सड़कों के निर्माण व सुधार, पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समग्र पर्यटन विकास योजना पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके साथ ही वर्षों से यहां कार्यरत स्थानीय गोताखोरों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके हितों की सुरक्षा के लिए भी सकारात्मक पहल करने की बात कही।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भटिंडा फॉल धनबाद की पहचान है। यहां साल भर राज्य और अन्य राज्यों से पर्यटक आते हैं। इसके समग्र विकास से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और गोताखोरों को सम्मानजनक जीवन मिलेगा।भटिंडा फॉल के विकास की यह पहल धनबाद के पर्यटन, आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment