धनबाद।कोयलानगर स्थित कम्युनिटी हॉल में आज डॉ. किरण झा की पंचमी पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक भावपूर्ण सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें कोलकाता से आए प्रसिद्ध शास्त्रीय गायकों एवं वाद्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. डी. के. झा द्वारा अपनी पत्नी स्वर्गीय डॉ. किरण झा की स्मृति में किया गया। संगीत और सुरों से सजी इस संध्या में शास्त्रीय गायन एवं वादन की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भावुक और स्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान वर्षों पूर्व इसी हॉल में विद्यार्थियों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों की यादें भी ताजा हो गईं, जिसने आयोजन को और भी आत्मीय बना दिया।
इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध तबलावादक श्री प्रसन्ता डे रॉय को सम्मानित किया गया। उनके योगदान और कला साधना की सभी ने सराहना की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, संगीत प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन स्वर्गीय डॉ. किरण झा के प्रति सम्मान, स्मृति और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहा।



















