धनबाद में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर का दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद संपन्नसिंधु सदन प्रथम, यमुना द्वितीय और गोदावरी तृतीय स्थान पर

editor
2 Min Read

धनबाद, 15 नवंबर — राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोक नगर धनसार में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 371 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सिंधु सदन ने 88 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यमुना सदन 80 अंकों के साथ द्वितीय और गोदावरी सदन 74 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि धनबाद के जिला खेल अधिकारी उमेश लोहरा ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा—“आने वाले 25 वर्षों में झारखंड का भविष्य आप विद्यार्थियों पर निर्भर करता है। खेल के क्षेत्र में राज्य कितना आगे बढ़ेगा, यह आपकी लगन और मेहनत तय करेगी। विद्यालय द्वारा खिलाड़ियों के विकास में किया जा रहा प्रयास सराहनीय है।”

विद्यालय के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल क्षमता का शानदार परिचय दिया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 14 और 15 नवंबर को खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाती है ताकि छात्रों में शिक्षा के साथ खेल भावना का भी विकास हो सके।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक शंकर दयाल बुधिया, अध्यक्ष विनोद कुमार तुलस्यान, उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार पटनिया, विद्यालय समिति सदस्य राजेश रिटोलिया, बाल कल्याण समिति के शरद दुदानी, उप-प्राचार्य मनोज कुमार और लीला सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन की घोषणा उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार पटनिया ने की। उन्होंने कहा कि खेलकूद जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।

वार्षिक खेलकूद आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक आलोक कुमार चौधरी, गौरी शंकर सिंह, वेणु रानी, चंदन कुमार, पप्पू कुमार और अलीशा कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।मंच संचालन राकेश कुमार मिश्रा और विनय नारायण राय ने किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रभारी प्रतिमा चौबे, कमल नयन, पार्थ सारथी सरकार, सुमोना दीक्षित तथा छंदा बनर्जी भी सक्रिय रहीं।

Leave a Comment