आसनसोल, 21 दिसंबर 2025:यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत आसनसोल मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जसीडीह रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की है।
20 दिसंबर 2025 को प्लेटफॉर्म संख्या–2 पर नियमित गश्त के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने हावड़ा छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक लावारिस सफेद प्लास्टिक बैग देखा। आवश्यक घोषणाओं और सत्यापन के बावजूद जब कोई दावेदार सामने नहीं आया, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बैग की जांच की गई।
जांच के दौरान बैग से 600-600 मिलीलीटर क्षमता की कुल 12 बोतल देसी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 7.8 लीटर थी। जब्त शराब को आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद जसीडीह रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ चौकी लाया गया।
इसके पश्चात बरामद शराब और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए देवघर आबकारी विभाग को सौंपा जा रहा है।आरपीएफ की यह कार्रवाई रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सतर्कता और मुस्तैदी को दर्शाती है। यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल मंडल के सभी स्टेशनों पर ऑपरेशन सतर्क के तहत नियमित निगरानी और गश्त जारी है।















