धनबाद | 19 दिसंबर 2025बेलगड़िया टाउनशिप के निवासियों, विशेषकर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मशरूम की खेती शुरू की जाएगी। इसके साथ ही बांस, जूट एवं मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं पर भी काम किया जाएगा।
इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मशरूम की खेती के लिए बेलगड़िया टाउनशिप में उपयुक्त स्थल चिन्हित करने तथा महिलाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बटन मशरूम की खेती कम लागत और कम स्थान में की जा सकती है, जिससे स्थानीय लोगों को शीघ्र लाभ मिल सकेगा। वहीं बांस और जूट आधारित रोजगार योजनाओं को लेकर भी टाउनशिप की महिलाएं काफी उत्साहित हैं। इन योजनाओं के जनवरी से शुरू होने की संभावना जताई गई है।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने संबंधित विभागों को शीघ्र स्थल चयन कर योजना को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी श्रीमती उषा किरण सहित जेआरडीए के पदाधिकारी उपस्थित थे।

















