---
title: "विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर हमीरपुर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश"
url: "https://vandebharattv.com/vidhansbha-chunav-2027-ko-lekr-hmirpur-prshasn-alrt-diem/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-26T15:59:31+00:00"
---

# विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर हमीरपुर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर हमीरपुर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हमीरपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हमीरपुर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस परेड ग्राउंड में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में राजस्व और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पोलिंग सेंटरों, मतदेय स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर पोलिंग सेंटरों का भौतिक निरीक्षण करें। साथ ही संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। डीएम-एसपी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाकर निर्वाचन संबंधी सभी जिम्मेदारियों का समयबद्ध और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

संवाददाता: निजाम खान
 वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर
