---
title: "📌 विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों,कर्तव्यों और बाल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक सीतापुर राकेश आसिफ खा।संविधान दिवस के अवसर पर एसआर पब्लिक इंटर कॉलेज, लहरपुर में ‘एक स्वर,एक स"
url: "https://vandebharattv.com/vidyarthiyon-ko-maulik-adhikaron-krtvyon-aur-bal-snrkshn-ke/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-26T15:59:22+00:00"
---

# 📌 विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों,कर्तव्यों और बाल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक सीतापुर राकेश आसिफ खा।संविधान दिवस के अवसर पर एसआर पब्लिक इंटर कॉलेज, लहरपुर में ‘एक स्वर,एक स

📌
 विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों,कर्तव्यों और बाल संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक

सीतापुर आसिफ खान।संविधान दिवस के अवसर पर एसआर पब्लिक इंटर कॉलेज, लहरपुर में ‘एक स्वर,एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष जैन के आदेश अनुसार तथा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
 कार्यक्रम में पीएलवी रहमत अंसारी ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता,स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा,सुरक्षा,सम्मान और स्वस्थ वातावरण में विकास करने का अधिकार है। बाल श्रम, बाल शोषण, बाल तस्करी और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों से बच्चों को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा,स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को प्रभावित करता है। कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098,नालसा हेल्पलाइन 15100 अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सूचित करने की अपील की। अधिकार मित्र उर्मिला ने कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित अधिनियम-2013 (पॉश एक्ट) की जानकारी दी।
 उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में काम करने का अधिकार है।साथ ही महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उनके संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया।
 इस दौरान आगामी बारह दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सम्बन्ध में भी जानकारी दी गई।बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से सुलह योग्य मामलों का सरल और त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है। इसमें वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का समाधान संभव है। लोगों से अपने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने की अपील की गई।
 विद्यालय प्रबंधक प्रमोद मिश्र ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सशक्त समाज की आधारशिला है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा उन्हें बाल श्रम और बाल विवाह जैसी कुरीतियों से दूर रखने की अपील की। वहीं प्रधानाचार्य अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी भी आवश्यक है। इससे उनमें जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।
 कार्यक्रम के अन्त में विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना,मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। वंदे भारत न्यूज़
