---
title: "वर्दी में दिखा मानवता का चेहरा, सहारिया बस्ती में पुलिस ने बांटी दीपावली की खुशियां"
url: "https://vandebharattv.com/vrdi-men-dikha-manvta-ka-chehra-shariya-bsti-men-pulis-ne-banti-dipavli-ki-khushiyan/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-10T17:44:08+00:00"
---

# वर्दी में दिखा मानवता का चेहरा, सहारिया बस्ती में पुलिस ने बांटी दीपावली की खुशियां

![News video GIF](https://vandebharattv.com/wp-content/uploads/2026/11/reporter-frame-rQrcXYLCBH.jpg)

\*\*टोड़ी फतेहपुर।\*\* दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस ने मानवता और सामाजिक सरोकारों की अनूठी मिसाल पेश की। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष पवन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के मोहल्ला फतेहपुर स्थित सहारिया बस्ती पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान बस्ती के बच्चों एवं उनके परिजनों को मिठाई, पटाखे और मोमबत्तियां वितरित की गईं। पुलिस की ओर से मिले उपहारों को पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे बस्ती क्षेत्र में त्योहार का उत्साह और उल्लास देखने को मिला।

थानाध्यक्ष पवन जायसवाल ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है।

पुलिस की इस संवेदनशील पहल की नगरवासियों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग एवं अपनत्व की भावना मजबूत होती है।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक मंगला सिंह, उपनिरीक्षक नियाज खान, उपनिरीक्षक भांवर सिंह सहित थाने का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

\*\*तहसील टहरौली ब्यूरो चीफ मुकेश कुशवाहा की खास रिपोर्ट।\*\*
