स्नान करती महिला का वीडियो बनाता युवक गिरफ्तार, लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर की पिटाई

editor
2 Min Read

धनबाद | शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में शुक्रवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जिसने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गायनी विभाग के महिला शौचालय में स्नान कर रही एक महिला मरीज का चोरी-छिपे वीडियो बना रहे युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अजीत राम (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोविंदपुर का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धनबाद के बिनोद नगर में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता है और बरवाअड्डा स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। आरोपी जिस बाइक से अस्पताल पहुंचा था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पहले से ही महिला शौचालय में छिपकर बैठा था। जैसे ही महिला मरीज स्नान के लिए अंदर गई, आरोपी ने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। महिला की नजर पड़ते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद मरीजों के परिजन और अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।

घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी गहन जांच की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने एसएनएमएमसीएच प्रशासन से महिला मरीजों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment