छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। लोग छतरी के साथ मुंह बांधकर घरों से निकल रहे।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने 3 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ सरगुजा और मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग संभाग के जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। जरूरत ना पड़ने पर घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है।
.
मंगलवार को प्रदेश में सबसे गर्म रायपुर रहा। यहां दिन का पारा 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हालात लू जैसे रहे। इस वजह से दोपहर में राजधानी के गली मोहल्ले तो दूर बाजार की सड़कें भी सूनी हो गईं थी। जीई रोड जहां 24 घंटे में सवा लाख से ज्यादा गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन वहां इक्का-दुक्का गाड़ियां ही चल रही थी।
वहीं सरकार ने बढ़ती गर्मी के कारण 25 अप्रैल से 15 जून 2025 तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। भीषण गर्मी और लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव और खतरे को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है। यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
भीषण गर्मी के चलते 25 अप्रैल से 15 जून 2025 तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश
रायपुर में 45 डिग्री के करीब रहेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार इस समय रायपुर जिला सबसे गर्म है। आज भी रायपुर में तेज गर्मी रहेगी। दिन का तापमान 45 डिग्री और रात का तापमान 30 डिग्री के आसपास रहेगा। मंगलवार को रायपुर में करीब 45 डिग्री (44.4 डिग्री) तापमान दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है।
वहीं रात का तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1 डिग्री ज्यादा है। इसके साथ ही हालात ऐसे हैं कि बाहरी इलाकों में भी राहत नहीं है। माना जा रहा है कि एयरपोर्ट इलाके में भी अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री और रात का तापमान 28.6 डिग्री तक पहुंच गया। रात 9 बजे के बाद भी लोग गर्म हवाओं से परेशान रहे।

प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान की स्थिति।
बिलासपुर में 43 डिग्री से अधिक तापमान
मंगलवार को बिलासपुर में दिन का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा है। रात का तापमान 26 डिग्री रहा जो औसत से 0.8 डिग्री ज्यादा है। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में दिन का तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा रहा।
वहीं रात का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया।

धूप की वजह से हैवी ट्रैफिक वाले चौक-चौराहों पर भी वाहनों की आवाजाही बहुत कम हो गई है।
सरगुजा संभाग में हीट वेव
मौसम विभाग के अनुसार आज सरगुजा संभाग के 2 जिलों में लू चलने की संभावना है। मंगलवार को अंबिकापुर में दिन का तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा।
दुर्ग में 43 डिग्री के पार तापमान
दुर्ग संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा। मंगलवार को दुर्ग जिले में दिन का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 2.7 डिग्री अधिक रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा।

दुर्ग संभाग के जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है।
बस्तर संभाग में तेज हवा के साथ हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज बस्तर संभाग के सभी जिलों यानी कांकेर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मंगलवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया।




