प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर दीपोत्सव होगा। सेवा-संकल्प अभियान के तहत शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रदेशभर में 58 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के हर वार्ड में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी आयोजन से जोड़ा जाएगा। खंडवा में तो पंधाना जनपद पंचायत सीईओ ने मंगलवार रात आदेश जारी कर सचिवों को दीप जलाने का टारगेट दिया है। जनपद पंचायत के सीईओ शुभम निमामे ने सभी ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को हर पंचायत में कम से कम 500 दीपक जलाने का लक्ष्य दिया है। साथ ही रील, फोटो और वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है। जनपद पंचायत के आदेश में कलेक्टर के आदेश का बाकायदा क्रमांक के साथ जिक्र है। जिले में इस अभियान के तहत करीब 5 लाख दीप जलाने की तैयारी है। पंधाना जनपद पंचायत सीईओ शुभम निमामे ने कहा कि शासन के आदेश अनुसार निचले स्तर पर आदेश जारी किए हैं। जनपद पंचायत स्तर पर कलेक्टर कार्यालय से निर्देश आए थे। 17 सितंबर को शाम 7 बजे होगा दीप प्रज्ज्वलन जनपद पंचायत सीईओ कार्यालय से 15 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय, गांवों के प्रमुख स्थानों और शासकीय परिसरों में दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, ग्राम कोटवार और एएनएम का सहयोग भी लिया जाएगा। स्कूल-कॉलेज समेत इन जगहों पर जलाए जाएंगे दीप दीप प्रज्ज्वलन के लिए पीएम आवास योजना की कॉलोनियां और मोहल्ले, अमृत सरोवर, जल संरचनाएं, नवनिर्मित पुल-बांध, जन-औषधि केंद्र, आयुष्मान सूचीबद्ध अस्पताल, एक्स-रे केंद्र, स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर, घाट, आध्यात्मिक केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र, ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाएं, पर्यटन और आध्यात्म से जुड़े प्रमुख स्थल, नगरीय व ग्रामीण विकास की परियोजनाएं तथा जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास से जुड़ी परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल हैं। जिले के 27 प्रमुख स्थलों पर भी जलेंगे दीप पंचायतों के अलावा जिले के 27 प्रमुख आइकॉनिक स्थलों पर भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन होगा। इनमें धार्मिक, ऐतिहासिक और सार्वजनिक महत्व के स्थान शामिल हैं। नगरीय क्षेत्र में भी हर वार्ड में कार्यक्रम कराने की तैयारी है। इसके लिए कर्मचारियों की वार्डवार ड्यूटी लगाई जाएगी। मंदिर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, घाट, बाजार, पीएम आवास की कॉलोनियां, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र, स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालयों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इन वर्गों को भी कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य दिया आदेश में अलग-अलग वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। इसमें राशन कार्डधारी, युवा विद्यार्थी, किसान, व्यापारी, लघु उद्यमी, स्टार्टअप, पशुपालक, मधुमक्खी पालक परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, जनजातीय व वनवासी परिवार शामिल हैं। इसके साथ महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहना योजना के हितग्राही, पीएम आवास योजना और स्वामित्व योजना के लाभार्थी, पथ विक्रेता, पारंपरिक कारीगर, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक और दिव्यांगजन को भी जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा कार्यक्रम के दौरान फोटो, वीडियो और रील तैयार कर निर्धारित वेबसाइट www.modiat25.in पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गांवों में होने वाले कार्यक्रम का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा। मुख्यमंत्री का ऑडियो संदेश भी सुनाया जाएगा आयोजन के दौरान ग्रामीणों को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का ऑडियो संदेश भी सुनाया जाएगा। इसमें दीप प्रज्ज्वलन की अपील की गई है। सीईओ ने मैदानी अमले को समय पर मौजूद रहकर कार्यक्रम का समन्वय और आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस बोली- वाजपेयी के नाम पर कभी दीये नहीं जलाए इस मामले पर कांग्रेस नेता नारायणसिंह तोमर ने कहा कि, भाजपा ने अपने पितृ पुरूष अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर कभी दीये नहीं जलाए। अब पूरी सरकार एक प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीये जलवा रही है। प्रशासन भी शामिल हो रहा है, 17 सितंबर को क्या सिर्फ दीये जलाएंगे या फिर ताली-थाली भी पिटवाई जाएगी। नीमच में भी तहसीलदार का ऐसा ही आदेश नीमच में तहसीलदार ग्रामीण संतोष कुमार ने 14 सितंबर को आदेश जारी किया। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के पटवारियों को सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम 7 बजे स्वामित्व योजना के हितग्राहियों के घर दीपक जलवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह चुंडावत ने बताया कि संघ ने 15 सितंबर को इसे लेकर ज्ञापन दिया था। इसमें अधिकारियों को यह काम नहीं करने से अवगत कराया था। साथ ही, इसे पंचायत स्तर पर करवाने की मांग की थी। जानिए प्रदेश कहां-कहां मनाया जाएगा दीपोत्सव सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में, 25 लाख दीये जलेंगे सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में होगा, जहां महाकाल महालोक और शिप्रा नदी के घाटों पर 25 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। दीपों को एक साथ जलाने के लिए घाटों पर अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। आयोजन में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ आमजन की भागीदारी भी रखी गई है। इंदौर के राजबाड़ा में ढाई लाख दीप जलाए जाएंगे इंदौर में राजबाड़ा क्षेत्र में ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे। भोपाल में ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम होगा भोपाल समेत प्रदेश के अन्य शहरों में नदी घाटों, मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवारों के घरों को भी दीपों से रोशन किया जाएगा। प्रदेश में कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलन से होगी। अमकंटक के रामघाट पर जलेंगे 21 हजार दीप ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत गुरुवार को अमरकंटक के रामघाट पर 21,000 दीप प्रज्ज्वलित कर महाआरती की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी को नोडल अधिकारी और अपर कलेक्टर बलबीर रमन को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। सामूहिक स्वच्छता श्रमदान, घुम्मा घटिया में पौधारोपण और रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शाम 7 बजे रामघाट (दक्षिण तट) पर महाआरती आयोजित होगी। यहां 11,000 दीप प्रज्ज्वलन रामघाट (दक्षिण तट) के साथ 10,000 दीप प्रज्ज्वलन रामघाट (उत्तर तट) पर जलाए जाएंगे। बैतूल के ताप्ती तट पर जगमगाएंगे 6 हजार दीप मुलताई में ताप्ती नदी के तट पर गुरुवार शाम करीब 6 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा, 15 वार्डों में भी 500-500 दीप जलाए जाएंगे। इस तरह कुल 7500 दीप जलाए जाएंगे। इसे लेकर नगर पालिका द्वारा तैयारियां की गई हैं। शाहपुर से दीप खरीदकर लाए गए हैं। दीप जलाने की जिम्मेदारी नगर पालिका के 21 कर्मचारियों को सौंपी गई है। उमरिया के खलेसर घाट पर 10 हजार दीपक जलेंगे जनपद पंचायत मानपुर के बस स्टैंड, विरासिनी माता मंदिर पाली, अटल स्टेच्यू नौरोजाबाद और शिव घाट चंदिया में दो-दो हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएगे। सभी वार्डाें में 500 आर्शीवाद के दीपक जलाए जाएंगे। 236 ग्राम पंचायतों में भी 500-500 दीपक प्रज्ज्वलित होंगे। खजुराहो के पश्चिमी मंदिर परिसर में जलेंगे एक लाख दीये खजुराहो में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम 7 बजे 3 लाख दीये जलाए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में होगा। यहां एक लाख दीपक जलाए जाएंगे। जिला परियोजना प्रबन्धक श्याम गौतम ने बताया कि दीपोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। यूनेस्को साइट पश्चिमी मंदिर समूह के कंदरिया महादेव मंदिर के सामने प्रांगड़ में एक लाख दीपक जलाने की तैयारी है। 70 केंद्रों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुलाई गई हैं, जो भारत का नक्शा, कंदरिया महादेव मंदिर की आकृति को रेखांकित रंगोली के माध्यम से करेंगी। इनके ऊपर ही दीपोत्सव किया जाएगा। दीपोत्सव के लिए आठ क्विंटल तेल लाया गया है। स्थानीय समूहों से एक लाख दीपक मगाए गए हैं। मैहर में 11 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे एसडीएम दिव्या पटेल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत मां शारदा माता मंदिर प्रांगण, नीचे ड्योढ़ी और अन्नकूट समेत अन्य जगहों पर एक लाख 11 हजार से अधिक आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। वहीं मैहर, अमरपाटन और रामनगर में जनभागीदारी से 4 लाख 86 हजार दीप जलाए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत वृहद रक्तदान शिविरों से होगी। दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम शाम करीब 7 बजे से होगा। एसडीएम दिव्या पटेल ने अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय से कार्यक्रम सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। इन शहरों में भी होंगे आयोजन 17 सितंबर से महीने भर चलेगा अभियान सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद सेवा, जनभागीदारी, प्रतियोगिताओं और अलग-अलग सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




