झरिया।शहीद दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के तत्वावधान में 30 जनवरी को युवा संवाद एवं विचार संगोष्ठी का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन, सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों से जोड़ते हुए वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।
संगोष्ठी में निर्णायक की भूमिका शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा एवं पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री विवेक लील्हा ने निभाई। कार्यक्रम में कक्षा 11 एवं उससे ऊपर के कुल 27 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “आज के युवाओं के लिए गांधी” तथा “आधुनिक समय में अहिंसा की प्रासंगिकता” जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों की विषय-वस्तु, मौलिकता और प्रस्तुति शैली के आधार पर परिणाम घोषित किए गए, जिसमें लवली आनंद ने प्रथम, अदिति साव ने द्वितीय तथा सिमरन कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में संयोजक श्री चैतन्य अग्रवाल, श्री यश अग्रवाल सहित मारवाड़ी युवा मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रनिर्माण की भावना को सशक्त करते हैं तथा महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सत्य, अहिंसा और सेवा के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।
















