HomeMadhya Pradeshमॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:भारत-पाकिस्तान के नेवी शिप टकराए; ₹25000 बेसिक तक PF कटेगा,...

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:भारत-पाकिस्तान के नेवी शिप टकराए; ₹25000 बेसिक तक PF कटेगा, 51 लाख को फायदा; यूपी में पंचायत सहायकों का वेतन 50% बढ़ा

नमस्कार, कल की बड़ी खबर अरब सागर में हुई भारत और पाकिस्तान के जहाजों की टक्कर से जुड़ी है। दूसरी खबर 13 साल पुराने केस में 10 नक्सलियों को फांसी की सजा सुनाने को लेकर है। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में आपको आगे बताएंगे कि सरकार ने PF के नियमों में क्या बदलाव किया है। ⏰ आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… 1. PM मोदी का आज 76वां जन्मदिन है। वे कई नई स्कीम का उद्घाटन करेंगे। 2. इंडिया और अफगानिस्तान के बीच आज तीसरा टी-20 मैच खेला जाएगा। 📰 कल की बड़ी खबरें… 1. पाकिस्तानी नेवी शिप अरब सागर में भारतीय युद्धपोत से टकराया, दिल्ली में PAK हाईकमिश्नर तलब पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में भारतीय नौसेना के जहाज से टकरा गया। घटना मंगलवार शाम की है। घटना के बाद भारत ने नई दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी’अफेयर्स को तलब किया और कड़ा विरोध दर्ज कराया। इंडियन वॉरशिप रूटीन सर्विलांस पर था: भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय युद्धपोत नियमित निगरानी मिशन पर था। इसी दौरान पाकिस्तानी जहाज तेज रफ्तार में आया और गलत दिशा में मुड़ गया, जिससे दोनों जहाज टकरा गए। पाकिस्तान के जहाज को नुकसान पहुंचा: ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तानी जहाज का नाम PNS हुनैन है। इसे समुद्री निगरानी और गश्त के लिए इस्तेमाल किया जाता है। टक्कर में इसको नुकसान पहुंचा है। हालांकि, भारतीय नौसेना के जिस जहाज से इसकी टक्कर हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। 2011 में टकराए थे भारतीय-पाकिस्तानी जहाज: भारत और पाकिस्तान की नौसेनाओं के बीच समुद्र में इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। 2011 में भारतीय नौसेना के INS दोगावरी और पाकिस्तानी नौसेना के PNS बाबर के बीच भी टक्कर हुई थी। टक्कर को लेकर पाकिस्तान ने आरोप लगाया था कि भारतीय जहाज ने उसके काम में रुकावट डाली और खतरनाक तरीके से जहाज चलाया। पूरी खबर पढ़ें… 2. अब ₹25 हजार बेसिक सैलरी पर PF जरूर कटेगा, पहले ये लिमिट ₹15 हजार थी अगर आपकी बेसिक सैलरी 25 हजार रुपए या इससे कम है तो कंपनी को आपका पीएफ जमा करना ही होगा। केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को PF के लिए बेसिक सैलरी लिमिट ₹15 हजार से बढ़ाकर ₹25 हजार कर दी है। 51 लाख कर्मचारियों को फायदा मिलेगा: यह लिमिट सैलरी और DA पर लागू होती है, पूरी CTC या ग्रॉस सैलरी पर नहीं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सरकार के इस फैसले से 51 लाख कर्मचारियों को PF बचत और पेंशन का फायदा मिलेगा। अभी देश में 7.89 करोड़ लोग पीएफ के दायरे में आते हैं। सरकार ने आखिरी बदलाव 12 साल पहले किया था: पीएफ के लिए बेसिक सैलरी में बदलाव करीब 12 साल बाद किया गया है। इससे पहले 2014 में पीएफ के लिए बेसिक सैलरी की लिमिट ₹6500 से बढ़ाकर ₹15 हजार की गई थी। इमरजेंसी या महामारी में EPF नहीं कटेगा: केंद्र सरकार ने नई कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) योजना-2026 में खास प्रावधान जोड़ा है। इसके तहत कोई इमरजेंसी, महामारी या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में तीन महीने के लिए कर्मचारी की सैलरी से PF नहीं कटेगा या आंशिकतौर पर कटेगा। पूरी खबर पढ़ें… 3. यूपी में पंचायत सहायकों का वेतन 50% बढ़ा, नौकरी से नहीं हटाए जाएंगे; महिलाओं को मातृत्व अवकाश मिलेगा लखनऊ में धरने पर बैठे पंचायत सहायकों का योगी सरकार ने बुधवार को 3 हजार रुपए मानदेय बढ़ा दिया है। अब उन्हें 6 हजार की जगह 9 हजार रुपए मिलेंगे। यानी सरकार ने 50% मानदेय बढ़ाया है। प्रदेश में 57 हजार पंचायत सहायक हैं। पंचायती राज मंत्री राजभर ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया। मंत्री राजभर ने कहा- अब किसी पंचायत सहायक को ग्राम प्रधान या पंचायत सचिव अपनी मर्जी से पद से नहीं हटा सकेंगे। पंचायत सहायक को हटाने से पहले डीएम के नेतृत्व में गठित कमेटी जांच करेगी। जांच के बाद ही सेवा समाप्त करने का फैसला लिया जा सकेगा। कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी: राजभर ने कहा, ‘पंचायत सहायकों को इलाज के लिए कैशलेस सुविधा का लाभ मिलेगा। महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश भी मिलेगा। अब मानदेय की राशि सीधे पंचायत सहायक के बैंक खाते में भेजी जाएगी।’ पहले मानदेय ग्राम प्रधान के खाते में आता था। सचिव और ग्राम प्रधान के सिग्नेचर के बाद पैसे निकाले जाते थे। पूरी खबर पढ़ें… 4. झीरम घाटी केस के 10 दोषियों को फांसी की सजा, 2013 के हमले में 29 कांग्रेसी नेता मारे गए थे 2013 में छत्तीसगढ़ की झीरम घाटी में कांग्रेस नेताओं समेत 29 लोगों की हत्या के मामले में जगदलपुर NIA कोर्ट ने 10 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है। इनमें 2 महिला और 8 पुरुष शामिल हैं। 13 साल चली सुनवाई के बाद फैसला: करीब 13 साल चली सुनवाई में 101 गवाहों के बयान और दस्तावेज दर्ज किए गए। यह सजा हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही लागू होगी। तब तक सभी दोषी केंद्रीय जेल जगदलपुर में रहेंगे। 30 दिन के अंदर हाईकोर्ट में अपील कर सकते हैं। नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया, फिर गोलियां बरसाईं: 13 साल पहले बस्तर में कांग्रेस अपनी परिवर्तन यात्रा निकाल रही थी। 25 मई 2013 की शाम यह यात्रा सुकमा की ओर से लौट रही थी। काफिला जब दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी से गुजर रहा था, तभी माओवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमले की शुरुआत IED विस्फोट से हुई। इसके बाद सड़क पर पेड़ गिराकर रास्ता बंद किया गया और जंगल से काफिले पर गोलियां बरसाई गई। पूरी खबर पढ़ें… 5. अमेरिका में पढ़े विदेशियों का वहां नौकरी करना मुश्किल, ₹40 हजार की जगह ₹1 करोड़ वसूलने की तैयारी अब ट्रम्प सरकार अमेरिका में पढ़े विदेशी छात्रों की नौकरी महंगा करने की तैयारी कर रही है। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी करने के लिए छात्रों को करीब 40 हजार की जगह 96 लाख रुपए (1 लाख डॉलर) फीस देनी पड़ सकती है। यह फीस ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) के लिए रखी गई है। इसके तहत विदेशी छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में नौकरी करने की अनुमति मिलती है। अमेरिका में अभी 3.63 लाख भारतीय छात्र: इस प्रस्ताव को व्हाइट हाउस की मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि, अभी यह नियम लागू नहीं हुआ है। लागू करने से पहले लोगों और संस्थानों से इस पर आपत्तियां और सुझाव मांगे जाएंगे। अमेरिका में अभी 3.63 लाख भारतीय समेत 11 लाख विदेशी छात्र हैं। OPT से विदेशी छात्रों को 12 महीने तक काम की अनुमति: ग्रेजुएशन करने वाले विदेशी छात्रों को आम तौर पर 12 महीने तक काम करने का मौका मिलता है। वहीं, साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स यानी STEM विषयों के छात्रों को इसके अलावा 24 महीने का समय दिया जाता है। यानी STEM छात्रों को कुल 36 महीने तक अमेरिका में काम करने का मौका मिल सकता है। पूरी खबर पढ़ें… 6. लखनऊ में गर्लफ्रेंड को युवक ने कार से कुचला, दावा- आरोपी मुस्लिम, खुद को हिंदू बताया था लखनऊ में बुधवार को हिट एंड रन का मामला सामने आया। कार सवार ने लड़की को टक्कर मार दी, जिससे वह बोनट पर लटक गई। लड़की चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी ने कार नहीं रोकी। 20-25 मीटर आगे जाकर उसने स्पीड बढ़ा दी। इससे लड़की सड़क पर गिर गई और आरोपी उसे कुचलते हुए भाग गया। जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर की वारदात: घटना सुबह 6 बजे गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र के जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर- 4 के पास हुई। हालांकि, लड़की बाल-बाल बच गई। उसे चोटें आई हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल लड़की की पहचान अनामिका और आरोपी की शाहनवाज के रूप में हुई है। दोनों लखनऊ के ही रहने वाले हैं। लड़के को नई गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा था: पुलिस के मुताबिक, अनामिका ने शाहनवाज को नई गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ लिया था। इसको लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। शाहनवाज कार लेकर भागने लगा, तो अनामिका उसे रोकने के लिए कार के सामने खड़ी हो गई। इसके बाद शाहनवाज ने उसे मारने की कोशिश की। अनामिका का आरोप है कि शाहनवाज ने अपना नाम यश ठाकुर बताकर उसे अपने जाल में फंसाया था। घटना के 8 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया। वह दुबग्गा इलाके का रहने वाला है और बाराबंकी में ठेकेदारी करता है। पूरी खबर पढ़ें… 🎭 आज का कार्टून ⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… 1. नेशनल: सरकार बोली- UPI पर चार्ज विदेशी दबाव में नहीं लगाया: राहुल ने कहा था- इससे अमेरिका को फायदा होगा; फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका (पूरी खबर पढ़ें) 2. नेशनल: महुआ मोइत्रा का आरोप- मुझ पर अंडे फेंके गए: पुलिस भी इसमें शामिल; इससे पहले भी 2 बार हमले का आरोप लगा चुकीं (पूरी खबर पढ़ें) 3. नेशनल: आदित्य ठाकरे बोले- मैं दिशा सालियान को नहीं जानता: एक्टर सुशांत सिंह की मैनेजर थीं, 6 साल पहले 12वीं मंजिल से गिरने से मौत हुई थी (पूरी खबर पढ़ें) 4. नेशनल: TMC सिंबल पर जल्द फैसला ले सकता है चुनाव आयोग: कल दोनों गुटों को बैठक के लिए बुलाया; 6 अक्टूबर को दो सीटों पर उपचुनाव (पूरी खबर पढ़ें) 5. नेशनल: कर्नाटक-कांग्रेस विधायक की भतीजी को बिना काम ₹70 हजार सैलरी: 6 महीने से सरकारी क्लीनिक नहीं गईं; नौकरी के साथ पढ़ाई करने का आरोप (पूरी खबर पढ़ें) 6. इंटरनेशनल: अमेरिका को छोड़कर कनाडा अब यूरोप के साथ आएगा: यूरोपीय संघ का पहला एसोसिएट मेंबर बनेगा, ब्रिटेन-यूक्रेन के साथ मिलकर सुरक्षा मजबूत करेगा (पूरी खबर पढ़ें) 7. इंटरनेशनल: अमेरिका से पैसा निकालने लगे दुनिया के बड़े निवेशक: 40 ट्रिलियन डॉलर के कर्ज से बढ़ी चिंता, सोना खरीद रहे, चीन में निवेश बढ़ा रहे (पूरी खबर पढ़ें) 8. इंटरनेशनल: यूरोप- गर्मी से 35 हजार मौतें, नदियां सूखी, जंगल जले: यूरोपीय संघ ने गर्मी को भी आपदा माना, हीटवेव से निपटने नया सिस्टम बनाएगा (पूरी खबर पढ़ें) 9. इंटरनेशनल: अमेरिका में कवरेज के दौरान NBC चैनल का हेलिकॉप्टर क्रैश: NBC की पत्रकार, पायलट और जमीन पर एक व्यक्ति की मौत (पूरी खबर पढ़ें) 10. बिजनेस: मंडी में प्याज 9 दिन में 9% सस्ती हुई: सरकार ₹35 किलो बेच रही, रिटेल मार्केट में ₹53.92 किलो पहुंची (पूरी खबर पढ़ें) 11. बिजनेस: चांदी ₹2418 बढ़कर ₹2.29 लाख किलो पर पहुंची: सोना ₹992 महंगा होकर ₹1.52 लाख का हुआ, कल सोना ₹1,036 और चांदी ₹179 सस्ती हुई थी (पूरी खबर पढ़ें) 12. क्रिकेट: सैमसन ने वैभव के लिए छोड़ी थी ओपनिंग: 18 महीने में बदली पूरी कहानी; वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सामने 15 साल का IPL ऑरेंज कैप विजेता (पूरी खबर पढ़ें) 13. क्रिकेट: विमेंस प्रीमियर लीग 14 जनवरी से, 28 अक्टूबर को ऑक्शन: इस साल विदेश में नहीं होगी IPL की नीलामी, शहर और तारीख बाद में तय होगी (पूरी खबर पढ़ें) 14. एंटरटेनमेंट: एक्टर अनंत नाग को 2024 का दादा साहब फाल्के अवॉर्ड: 300+ फिल्मों में काम किया; मालगुड़ी डेज से प्रसिद्ध हुए, KGF में भी थे (पूरी खबर पढ़ें) 15. एंटरटेनमेंट: पंकज त्रिपाठी-प्रीति जिंटा होंगे फिल्म सेंसर बोर्ड के मेंबर: सरकार ने सेंसर बोर्ड में 7 साल बाद बदलाव किया, 18 नए सदस्य शामिल किए (पूरी खबर पढ़ें) 🗣️ बयान जो चर्चा में है… 😲 खबर हटके… चींटी ने खींचा गणेश जी का रथ आंध्र प्रदेश में एक चींटी ने भगवान गणेश का रथ खींचा। 1 सेंटीमीटर के लकड़ी के रथ को माइक्रो आर्टिस्ट साईं थल्लाबट्टुला ने बनाया है। रथ पर गणेश जी की बारीक मूर्ति उकेरी गई है। आर्टिस्ट ने आर्ट के जरिए दिखाया कि गणेश जी की पूजा छोटे जीव भी करते हैं। पूरी खबर पढ़ें… 📸 फोटो जो खुद में खबर है 🌟 भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… 1. आज का एक्सप्लेनर – अब तक मुफ्त UPI का खर्च कौन उठाता था, नए चार्ज से कितने पैसे जुटेंगे, किसे-कितना फायदा मिलेगा 2. जरूरत की खबर- बाल झड़ने के 10 बड़े कारण: डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें बालों को कैसे हेल्दी रखें, कैसे केयर करें, डाइट में क्या खाएं 3. रिलेशनशिप एडवाइज- क्या पार्टनर का फोन चेक करना गलत है: मुझे हसबैंड पर शक है, क्या चुपके से उनका फोन खोलकर देख लूं, क्या करूं 4. बंगाल की IPS अफसर बुशरा बानो का ट्रांसफर: प्रतियोगी परीक्षाओं के उम्मीदवारों से ‘इंशाअल्लाह-जजाकअल्लाह’ कहा था 🌍 करेंट अफेयर्स करेंट अफेयर्स से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए यहां क्लिक करें… ⏳आज के दिन का इतिहास 📊 बाजार का हाल 🌦️ मौसम का मिजाज सिंह राशि वाले ऑफिस का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पूरा करने में सफल रहेंगे। तुला राशि वालों के बिजनेस की रुकावटें दूर होंगी। जानिए आज का राशिफल… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments