सनी गुप्ता, संभल3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संभल में एसपी बोले- होलिका स्थल पर 1212 पुलिसकर्मी तैनात।
संभल में होली के जुलूस और होली दहन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। गुरुवार की शाम को रात्रि रंग जुलूस के मार्ग पर सुरक्षा का जायजा लेने के लिए डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण विश्नोई ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान व्यापारियों ने पुष्पवर्षा भी की। प्रशासन ने 1212 होली दहन स्थलों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात करने की व्यवस्था की है।
एसपी कृष्ण विश्नोई ने जानकारी दी कि संभल जिले में कुल 1212 स्थानों पर होलिका दहन होगा, और इन सभी स्थानों पर पुलिस के नोडल ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा, 7 कंपनियों और दो प्लाटून पीएसी को तैनात किया गया है। हर चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है। जुलूसों के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।

संभल में होली के जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट।
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि प्रशासन दोनों पक्षों से निरंतर संपर्क बनाए हुए है और सभी जगह समन्वय और शांति का वातावरण बनाए रखा गया है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन और जुलूसों के आयोजन के दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा तंत्र के तहत लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी धार्मिक नेताओं ने अपील की है कि यह पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए।
डीएम और एसपी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जुलूस, शोभायात्राएं, और मेले सकुशल और शांति से संपन्न होंगे, और प्रशासन के कड़े सुरक्षा इंतजामों से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अप्रिय घटना न घटे।