100% नेत्रहीन बुद्धू कुशवाह को न आवास मिला, न शौचालय; BPL कार्ड के बावजूद अपात्र बताने पर CM हेल्पलाइन के निराकरण पर उठाए सवाल 14/10/2026 लोकेशन जिला शिवपुरी मध्य प्रदेश अरशद


लोकेशन जिला शिवपुरी मध्य प्रदेश
अरशद अली की रिपोर्ट
9713906075
शिवपुरी। जिले के ग्राम राजा की मुडढ़ेरी निवासी 100 प्रतिशत नेत्रहीन बुद्धू कुशवाह ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। आवेदक का आरोप है कि बीपीएल कार्ड होने के बावजूद उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत के निराकरण को भी गलत बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बुद्धू कुशवाह गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करते हैं और कच्चे मकान में रहते हैं। उनका कहना है कि उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत नहीं हुआ है और न ही शौचालय की सुविधा मिली है। इसके कारण उन्हें खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। उन्होंने कच्चे मकान के गिरने की आशंका जताते हुए अपनी परेशानी बताई है।
बुद्धू कुशवाह ने आवेदन में आरोप लगाया कि बीपीएल कार्ड होने के बावजूद अधिकारियों ने उन्हें एपीएल कार्डधारक बताते हुए योजना के लिए अपात्र कर दिया। उनका दावा है कि सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 40578958 का बिना उचित जांच के गलत तरीके से निराकरण कर शिकायत बंद करा दी गई।
शिकायत में शिकायत की जांच से जुड़े जनपद पंचायत शिवपुरी के एसबीएम अधिकारी नितिन जैन का उल्लेख करते हुए आवेदक ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
कलेक्टर से शिकायत के निराकरण की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई करने और पात्रता के आधार पर आवास व शौचालय योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
जिला शिवपुरी से अरशद अली की रिपोर्ट

