13 अप्रैल, 2026 को यूपी के नोएडा में मजदूरों का हिंसक प्रदर्शन हुआ। इस केस में लखनऊ के जर्नलिस्ट सत्यम वर्मा और नोएडा से एक्टिविस्ट आकृति चौधरी पर NSA लगाया गया है। इन पर सोशल मीडिया पर मजदूरों को भड़काने और विदेशी फंडिंग जैसे आरोप लगाए गए हैं। हालांक
.
पुलिस की इस थ्योरी में हमें 4 बातें खटक रहीं:
1. आकृति को 11 अप्रैल को ही मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार किया गया, तो उसने 13 अप्रैल को हिंसा कैसे भड़का दी?
2. सत्यम वर्मा को पुलिस लखनऊ से 17 अप्रैल को ले गई, लेकिन गिरफ्तारी 19 अप्रैल को दिखाई गई। सत्यम नोएडा में नहीं थे। पुलिस के संपर्क में थे और उनके कहने पर आर्टिकल भी हटा लिया था।
3. पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर दावा किया है कि सत्यम को विदेशों से 1 करोड़ रुपए की फंडिंग मिली, इससे जुड़े सबूत पुलिस ने कोर्ट में पेश क्यों नहीं किए।
4. FIR में देरी क्यों हुई, एक ही केस में कई FIR क्यों दर्ज की गईं।

13 अप्रैल की तस्वीर, जब नोएडा फेज-2 में मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था।
अब पढ़ें ये गिरफ्तारियां कैसे हुईं और सवाल क्यों उठे… सीन-1 तारीख- 10 अप्रैल जगह- जनचेतना पब्लिकेशन हाउस, लखनऊ
65 साल के सत्यम वर्मा दफ्तर में काम कर रहे थे। तभी हसनगंज पुलिस वहां पहुंची और उनसे एक आर्टिकल डिलीट करने को कहा। सत्यम जर्नलिस्ट और एक्टिविस्ट हैं। मजदूरों के अधिकारों के लिए काम करते हैं। उनका ये आर्टिकल मजदूर बिगुल अखबार में छपा था।
नोएडा में 9 अप्रैल से मजदूरों का प्रदर्शन चल रहा था। पुलिस को डर था कि इस आर्टिकल से हालात बिगड़ सकते हैं। सत्यम ने पुलिस की बात मान ली और आर्टिकल हटा दिया। करीब 7 दिन बाद हसनगंज पुलिस दोबारा पब्लिकेशन हाउस पहुंची। सत्यम वर्मा और उनकी सहयोगी कात्यायनी सिन्हा को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। फिर 19 मई को दोनों को अरेस्ट कर लिया।

तस्वीर 17 अप्रैल की है, जब पुलिस सत्यम वर्मा को गिरफ्तार करने लखनऊ में उनके दफ्तर पहुंची थी।
1 करोड़ के ट्रांजेक्शन के सबूत कोर्ट में क्यों नहीं दिए
सत्यम वर्मा के वकील अली जिया कबीर चौधरी का दावा है कि उन्हें अभी तक सिर्फ पुलिस की मीडिया सेल से पता चला है कि NSA लगाया गया है। वे कहते हैं, ‘हमें इससे जुड़े कोई डॉक्यूमेंट नहीं मिले हैं। जबकि कानूनी तौर पर पुलिस को कोर्ट में कागजात पेश कर डिफेंस के वकील को बताना होता है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया।’
विदेशी फंडिंग के आरोप पर कबीर कहते हैं, ‘सत्यम के परिवार ने विदेशी अकाउंट्स से 1 करोड़ रिसीव होने की बात खारिज की है। वो ट्रांसलेटर के तौर पर काम करते हैं, इसलिए मुमकिन है कि विदेशी पब्लिकेशन से पेमेंट आया हो।‘
परिवार ने बताया है कि वो सिर्फ 30 हजार रुपए तक के ट्रांजेक्शन के बारे में जानते हैं। पुलिस ने एक करोड़ रुपए विदेशी फंडिंग को लेकर भी अब तक कोई सबूत कोर्ट में पेश नहीं किया है।

वे आगे कहते हैं, ‘पुलिस ने कोर्ट में जो चैट सबूत के तौर पर पेश की है, वो बिगुल ग्रुप की है। इसमें उसी पब्लिकेशन में काम करने वाले कुछ दूसरे जर्नलिस्ट शामिल हैं। इसमें वर्मा अपने सहयोगियों से नोएडा मजदूर प्रोटेस्ट पर बात कर रहे थे। क्या इस बारे में पत्रकार एक-दूसरे से बात नहीं कर सकते, क्या बात करने का मतलब हिंसा भड़काना है।’

12 मई को यूपी पुलिस ने सत्यम वर्मा और आकृति के खिलाफ NSA लगाया है। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जिन पर NSA लगाया गया है, वो दोनों ना ही मजदूर हैं, ना ही नोएडा में रहते हैं। ये बाहरी हैं, जिन्होंने हिंसा भड़काने की कोशिश की।’ इसके बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने 15 मई को बयान जारी कर कहा कि सत्यम के बैंक खाते में 1 करोड़ जमा किए गए। ये रकम डॉलर, पाउंड और यूरो जैसी करेंसी में अन्य देशों से जमा की गईं।
दोस्त ने बताया- बिना सर्च वारंट आई थी पुलिस
सत्यम वर्मा के साथ काम करने वाली उनकी दोस्त पुलिस पर गलत तरह से कार्रवाई करने का आरोप लगाती हैं। नाम ना लिखने की शर्त पर उन्होंने बताया, ‘पुलिस के पास सिर्फ दफ्तर की एक फ्लोर का सर्च वॉरंट था, लेकिन उन्होंने पूरे दफ्तर की तलाशी ली। उन्होंने सत्यम को गिरफ्तार करने के साथ सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी सीज कर लिए। पुलिस ने न कोई वॉरंट दिखाया, न डिवाइस के लिए सीजर मेमो दिखाया।’

आकृति की गिरफ्तारी पर क्यों सवाल… सीन-2 तारीख- 11 अप्रैल जगह- बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, नोएडा
11 अप्रैल को भी एक गिरफ्तारी हुई। ये गिरफ्तारी पुलिस ने नोएडा प्रोटेस्ट के हिंसक होने से दो दिन पहले की थी। यहां से दिल्ली यूनिवर्सिटी की पूर्व स्टूडेंट आकृति चौधरी को अरेस्ट किया गया। पुलिस ने आरोप लगाया कि वे ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ संगठन से जुड़ी हैं। नोएडा पुलिस कथित तौर पर सादी वर्दी में मेट्रो स्टेशन पहुंची। आकृति उस वक्त एक फैक्ट्री मजदूर मनीषा और सॉफ्टवेयर इंजीनियर अदित आनंद के साथ थीं।

11 अप्रैल को बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से आकृति की गिरफ्तारी हुई,लेकिन पुलिस टीम में महिला स्टाफ नहीं था।
आकृति की दोस्त प्रियंवदा कहती हैं, ‘पूरे प्रदर्शन के दौरान आकृति मजदूरों से शांतिपूर्ण और अहिंसक प्रदर्शन करने की अपील करती रहीं। इसका वीडियो भी है। उस पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया जा रहा है। आकृति ना सिर्फ पढ़ाई में अच्छी थी, वो देश-दुनिया में चल रहे मुद्दों पर मुखरता से बोलती रही हैं। वो भगत सिंह को आदर्श मानती हैं।’

आकृति चौधरी नोएडा में मजदूरों शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील करती हुई। वीडियो उनके दोस्तों ने शेयर किया है।
वहीं उसके साथी चिरांशु ने बताया, ‘हम सब आकृति को 12 अप्रैल से लगातार कॉल करते रहे, लेकिन फोन स्विच ऑफ बताता रहा। फिर पता चला कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’

हिंसा से दो दिन पहले अरेस्ट, फिर कैसे भड़काया
वकील कबीर भी कहते हैं कि अगर पुलिस ने आकृति को 11 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर लिया था, तो वो 13 अप्रैल को हिंसा कैसे भड़का सकती है। उनका कहना है कि वो जैसे बेल एप्लीकेशन डालते हैं, वैसे पुलिस केस में कुछ नए सेक्शन जोड़ देती है, जिससे केस की सुनवाई में देरी हो रही है। पुलिस ने NSA भी इसलिए लगाया है, ताकि दोनों को जमानत न मिल सके। उन्हें ज्यादा से ज्यादा दिन जेल में रखा जा सके।
डिफेंस वकील कबीर के आरोपों पर बात करने और केस की जांच की डीटेल के लिए हमने नोएडा के एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा से संपर्क किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। उन्होंने कॉल और वॉट्सएप पर हमारे मैजेस का भी जवाब नहीं दिया। जवाब मिलने पर स्टोरी में शामिल करेंगे।

……………………
ये खबर भी पढ़िए…
नोएडा में हिंसक प्रदर्शन, 350 फैक्ट्रियों में तोड़फोड़

नोएडा में 9 अप्रैल से सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे 42 हजार कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने अलग-अलग इलाकों में फैक्ट्रियों में पथराव, तोड़फोड़ की। कर्मचारियों ने कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और करीब 50 से ज्यादा फूंक दीं। पुलिस की गाड़ियां भी पलट दी। हालात बिगड़े तो कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पढ़िए पूरी खबर…















