NEET 2024 Paper Leak Controversy; CBI NTA | Sanjeev Mukhiya

14 Min Read


5 मई 2024, NEET-UG का एग्जाम था। पेपर शुरू होने से पहले ही पता चला कि पेपर लीक हो गया है। मुख्य सेंटर पटना बताया गया, जहां सॉल्वर गैंग ने एक रात पहले कुछ स्टूडेंट्स को एग्जाम में आने वाले सवाल-जवाब रटवाए। इसके अलावा भी कई गड़बड़ियां सामने आईं। एग्जाम

.

एक कमेटी बनाई गई और उसकी सिफारिशें लागू भी की गईं। 2026 में फिर लीक हुआ और एग्जाम कैंसिल करना पड़ा। हमने 2024 के NEET पेपर लीक से जुड़े केस रिकॉर्ड, CBI चार्जशीट और पटना हाईकोर्ट के आदेश खंगाले। छानबीन और पकड़े गए लोगों के लगातार जमानत पर बाहर आने का ये सिलसिला पहले ही बता रहा था कि जल्द ही फिर पेपर लीक होना तय है।

पड़ताल में 3 बड़ी बातें सामने आईं…

1. 46 गिरफ्तारियां हुईं, लगभग सभी जमानत पर बाहर

केस में पहले बिहार EOW और बाद में CBI ने जांच की। कुल 46 लोग गिरफ्तार किए गए। इनमें से 45 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई और 44 जमानत पर बाहर आ चुके हैं। मीडिया में मास्टरमाइंड बताए गए संजीव मुखिया के खिलाफ CBI को ज्यादा सबूत नहीं मिले, इसलिए उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई और उसे डिफॉल्ट बेल मिल गई। ज्यादातर आरोपी सशर्त जमानत पर हैं। सिर्फ अमित प्रसाद महाराणा को जमानत नहीं मिली है। मामले का ट्रायल अभी शुरू नहीं हुआ है।

2. नाम बदले, लेकिन कोचिंग नेटवर्क का मॉडल वही रहा

2024 और 2026 के मामलों में आरोपियों के नाम अलग-अलग हैं, लेकिन दोनों मामलों में कोचिंग और एडमिशन कंसल्टेंसी से जुड़े नेटवर्क की भूमिका सामने आई। 2024 की जांच में ऐसे लोगों का नाम आया, जो पहले भी एंट्रेंस एग्जाम में डमी कैंडिडेट और सॉल्वर नेटवर्क से जुड़े रहे थे। इनमें कुछ आरोपी जमानत मिलने के बाद शिक्षा और काउंसलिंग के कारोबार में फिर एक्टिव मिले।

3. पांच महीने पहले से भरोसा था कि पेपर लीक करा लेंगे

पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े प्रमुख आरोपी को 2024 में भरोसा था कि वो झारखंड के एक एग्जाम सेंटर के स्ट्रॉन्ग रूम से पेपर हासिल कर लेंगे। इसे देखते हुए उन्होंने एग्जाम से करीब पांच महीने पहले तैयारी शुरू कर दी। सॉल्वर गैंग तैयार किए, डमी कैंडिडेट्स की तलाश हुई और एग्जाम से पहले फ्लाइट और ट्रेन टिकट तक बुक करा दिए गए। 2023 में भी लीक करा लेने के दावे किए थे। भले 2026 केस में अलग लोग हैं, लेकिन पैटर्न सेम ही फॉलो हो रहा है।

2026 NEET पेपर लीक केस में अब कुल 13 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और मामले की जांच CBI कर रही है।

2026 NEET पेपर लीक केस में अब कुल 13 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और मामले की जांच CBI कर रही है।

2024 पेपर लीक नेटवर्क के 5 किरदार

2024 NEET पेपर लीक केस में जांच एजेंसियों ने जिस नेटवर्क का खुलासा किया, उसमें 5 प्रमुख किरदार सामने आए। इनमें से चार आरोपियों को 271 से 279 दिनों के अंदर ही जमानत मिल गई। वहीं, कथित मास्टरमाइंड बताए गए संजीव मुखिया के खिलाफ CBI चार्जशीट ही दाखिल नहीं कर सकी।

1. संजीव मुखिया कथित मास्टरमाइंड, लेकिन सबूत नहीं 99 दिनों में जमानत मिली

संजीव मुखिया को 24 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में उसका नाम सामने आया, लेकिन CBI को पर्याप्त सबूत नहीं मिले। 90 दिनों के अंदर चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर 2 अगस्त 2025 को उसे डिफॉल्ट बेल मिल गई। हालांकि दूसरे मामलों में राहत न मिलने के कारण वो अभी जेल में है।

2. अमित कुमार सिंह सॉल्वर और कोचिंग नेटवर्क का कोऑर्डिनेटर 279 दिन बाद जमानत मिली

झारखंड का रहने वाला अमित कुमार सिंह नेटवर्क के प्रमुख ऑपरेटरों में था। CBI के मुताबिक, उसने राजस्थान, बिहार, झारखंड और ओडिशा से कैंडिडेट और सॉल्वर जुटाए। एग्जाम से महीनों पहले तैयारी शुरू कर दी गई थी। सॉल्वरों के आने-जाने तक की एडवांस बुकिंग कराई थी। जांच में कई कोचिंग एजेंट्स और कंसल्टेंसी नेटवर्क से उसके संबंध सामने आए। 2 जुलाई 2024 को उसे गिरफ्तार किया गया, लेकिन साल भर के अंदर ही 7 मई 2025 को जमानत मिल गई।

3. पंकज कुमार उर्फ आदित्य पेपर चोरी से लेकर सबूत मिटाने तक साजिश में शामिल 272 दिन बाद जमानत मिली

CBI के मुताबिक, पंकज कुमार ने एग्जाम का पेपर हासिल करने, उसे सॉल्वरों तक पहुंचाने और बाद में सबूत मिटाने में अहम भूमिका निभाई। उसने हजारीबाग के ओएसिस स्कूल से NEET का पेपर चुराकर फोटो खींची थी। फिर इसे राज गेस्ट हाउस भेजकर 9 से ज्यादा सॉल्वर से हल कराया। इसके बाद सॉल्वड पेपर की PDF बनाकर पटना, बोकारो और भुवनेश्वर भेजा, जहां पहले से जुटाए गए NEET कैंडिडेट को पेपर रटवाया गया था।

हजारीबाग के राज गेस्ट हाउस और सिंदूर हाउस में इसी की मदद से कैंडिडेट को पेपर रटवाया गया था। जांच एजेंसी का दावा है कि पेपर लीक में जिन-जिन फोन का इस्तेमाल किया गया, पंकज ने वो सभी 16 फोन नष्ट कराए, ताकि सबूत ना मिले। पंकज को 17 जुलाई 2024 को गिरफ्तार किया गया था। वो एक साल भी जेल में नहीं रहा, 15 मई 2025 को सशर्त जमानत पर बाहर आ गया था।

4. राकेश रंजन उर्फ रॉकी पेपर लीक नेटवर्क का ऑपरेटर करीब 271 दिन बाद जमानत मिली

CBI ने राकेश को पेपर लीक नेटवर्क के मुख्य ऑपरेटरों में से एक बताया। ओएसिस स्कूल से पेपर लीक कराने में पंकज के साथ वो भी शामिल था। उसने पंकज से सॉल्व पेपर की PDF अपने साथी शशिकांत पासवान के फोन पर मंगवाई, जिसे हजारीबाग के सिंदूर हाउस में कैंडिडेट्स को रटवाया गया था।

राकेश पूरे नेटवर्क की निगरानी कर रहा था। उसी के कहने पर पटना के लर्न प्ले स्कूल में उसके दोस्त बलदेव कुमार उर्फ चिंटू के फोन पर NEET का सॉल्वड पेपर भेजा गया था। वो गिरफ्तारी को लेकर पहले से अलर्ट था, इसीलिए पेपर लीक से जुड़ा कोई डॉक्यूमेंट उसने अपने फोन पर नहीं मंगाया था।

10 जुलाई 2024 को उसे अरेस्ट किया गया और 5 अक्टूबर 2024 को उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई थी। पटना हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राकेश के वकील ने यही दावा किया कि उसके पास से लीक से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले। 4 जुलाई 2025 को पटना हाईकोर्ट से राकेश को सशर्त जमानत मिल गई।

5. रंजीत कुमार बेउरा काउंसलिंग सेंटर से उम्मीदवारों तक पहुंच करीब 276 दिन बाद मिली जमानत

भुवनेश्वर में रंजीत कुमार बेउरा के नाम से एक ट्रस्ट और कई कंपनियां हैं। वो एक काउंसलिंग सेंटर, करियर एकेडमी एजुकेशन ट्रस्ट (CAET) का चेयरमैन है, जबकि अमित प्रसाद महाराणा और धीरेन इसी ट्रस्ट के डायरेक्टर हैं। 2024 NEET पेपर लीक मामले में रंजीत के साथ अमित प्रसाद और धीरेन को भी गिरफ्तार किया गया था। अमित ही अकेला आरोपी है, जिसे अब तक जमानत नहीं मिली है।

CBI जांच में पता चला कि इनके काउंसलिंग सेंटर में इंजीनियरिंग और मेडिकल स्टूडेंट आते हैं। ये पहले स्टूडेंट और उनके पेरेंट्स से मिलकर डिटेल नोट करते हैं। फिर इनमें से ऐसे स्टूडेंट की लिस्ट बनाते हैं, जो अच्छा पैसा खर्च कर सकते हैं। इसके बाद एकेडमी का स्टाफ उन्हें अलग से अप्रोच कर समझाता कि उनके बच्चे को ज्यादा से ज्यादा नंबर कैसे मिल सकते हैं। कैसे सरकारी कॉलेज में भी एडमिशन मिल सकता है। फिर एग्जाम से पहले सॉल्वड पेपर का दावा कर लाखों रुपए की डील होती है।

2024 NEET पेपर लीक के केस रिकॉर्ड के इस डॉक्यूमेंट में रंजीत, अमित प्रसाद और धीरेन पर लगाए गए आरोपों का जिक्र है।

2024 NEET पेपर लीक के केस रिकॉर्ड के इस डॉक्यूमेंट में रंजीत, अमित प्रसाद और धीरेन पर लगाए गए आरोपों का जिक्र है।

रंजीत की टीम ने NEET 2024 एग्जाम का फॉर्म भरते वक्त ही अपने 17 कैंडिडेट का सेंटर ओडिशा के बजाय झारखंड के हजारीबाग डलवाया था, जहां से पेपर लीक हुआ था। CBI ने सभी 17 स्टूडेंट की पहचान कर ली थी। इन्हें हजारीबाग के राज गेस्ट हाउस और सिंदूर हाउस में एग्जाम से पहले पेपर रटवाया गया था। CBI जांच में रंजीत के फोन की लोकेशन भी 3 मई से 5 मई 2024 तक हजारीबाग में ही मिली थी।

पटना हाईकोर्ट में जमानत के लिए पेश हुए रंजीत के वकील ने दावा किया था कि 3 अगस्त 2023 को उसने अपनी ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन कराया था। वे जरूरतमंद और गरीब बच्चों की काउंसलिंग में मदद करते हैं। CBI को इनके पास से कोई सबूत नहीं मिला, जिससे पेपर लीक का संबंध हो। 6 मई 2025 को पटना हाई कोर्ट ने रंजीत को सशर्त जमानत दे दी थी।

जमानत पर बाहर आकर रंजीत फिर से अपना करियर काउंसलिंग सेंटर चला रहा है। दैनिक भास्कर ने एक कैंडिडेट के पेरेंट बनकर फोन पर रंजीत से बात की। उसने कहा कि अभी हम 40 लाख से लेकर 1.5 करोड़ रुपए में प्राइवेट मेडिकल कॉलेज दिला सकते हैं। हमने सरकारी कॉलेज में दाखिले के लिए पूछा, तो रंजीत ने कहा कि पहले ऑफिस आइए, आमने-सामने बात होगी। सब फोन पर नहीं बता सकते।

वकील बोले- CBI जांच खत्म, जमानत लेना आरोपी का हक

नीट पेपर लीकल केस में एक के बाद एक आरोपियों को कैसे जमानत मिलती गई, ये जानने के लिए हमने सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट विनीत जिंदल और पटना हाईकोर्ट के वकील आकाश शंकर से बात की। आकाश लीक में गिरफ्तार एक आरोपी के वकील भी हैं।

वे बताते हैं, ‘2024 के NEET पेपर लीक में पहले पटना की शास्त्री नगर पुलिस ने FIR की, बाद में EOW ने जांच की। फिर केस CBI को ट्रांसफर हो गया। अभी केस में चार्जफ्रेम हो रहे हैं और ट्रायल शुरू होना बाकी है। CBI जांच खत्म हो गई थी, इसलिए जमानत लेना आरोपी का हक है। सभी सशर्त जमानत पर बाहर हैं। ट्रायल के समय सभी को हर तारीख पर आना होगा। कोई सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेगा।‘

‘दूसरी बात, आरोपियों के पास से IPC धारा-409 के तहत लीक हुआ पेपर रिकवर नहीं हुआ, इसलिए सीधे मटीरियल ऑफ एविडेंस नहीं मिला। इस वजह से भी कई आरोपियों को जल्दी जमानत मिल गई। अगर CBI किसी भी आरोपी के खिलाफ सीधे सबूत पेश कर सकी, तो उसे IPC की धारा-409 के तहत आजीवन कारावास हो सकती है।‘

अब 2026 NEET लीक की बात 2024 NEET लीक की जांच और जमानत के सिलसिलों से साफ है कि 2026 में भी सामने आए नामों को ज्यादा दिन जेल में नहीं रखा जा सकता। यहां भी IPC धारा-409 के तहत लीक हुआ पेपर रिकवर होने की संभावना कम है।

आरोप है कि केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी की पहुंच पेपर तक थी और इन्होंने रटकर ये लीक किया, ऐसे में पेपर की रिकवरी होनी मुश्किल है। कोर्ट में ये साबित करना और मुश्किल होगा। अन्य आरोपियों मनीषा वाघमारे, मनोज शिरूरे, तेजस हर्षदकुमार शाह और मनीष संजय हवलदार पर तो सिर्फ लीक नेटवर्क में शामिल होने, पेपर खरीदने और बच्चों को मुहैया कराने के ही आरोप हैं।

……………………

ये खबर भी पढ़ें…

NEET पेपर लीक का ब्यूटीशियन कनेक्शन

NEET पेपर लीक की कड़ियां अब जुड़ने लगी हैं। इस मामले में पहले केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी और फिर बॉटनी लेक्चरर मनीषा मांधरे अरेस्ट हुईं। अब NEET एग्जाम कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अफसर के भी शामिल होने की बात सामने आ रही है। पूरी खबर पढ़िए…



Source link

Share This Article
Leave a Comment