हॉबी सेंटर की चित्रकला परीक्षा में कलाकारों ने उकेरीं बेहतरीन आकृतियां

editor
2 Min Read

धनबाद के डीनोबली स्कूल रोड स्थित सेंटर ऑफ़ फाइन आर्ट्स हॉबी सेंटर में रविवार को सप्तम एवं अष्टम वार्षिक चित्रकला परीक्षा का आयोजन किया गया। यह हॉबी सेंटर कोलकाता के बंगिया संगीत परिषद से संबद्ध है। परीक्षा में धनबाद जिले के सिंदरी, कुमारधुबी, झरिया, चिरकुंडा, मैथन, पाथरडीह, गोमो के साथ-साथ बोकारो, गिरिडीह और पश्चिम बंगाल के निकटवर्ती जिलों से आए बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों (थीम्स) पर अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स न केवल कलात्मक दृष्टि से उत्कृष्ट थीं, बल्कि उनकी कल्पनाशीलता और तकनीकी समझ को भी दर्शा रही थीं।इस अवसर पर हॉबी सेंटर के डायरेक्टर एवं प्रसिद्ध कलाकार शिव शंकर धर तथा कोलकाता पेंटर्स ग्रुप के प्रख्यात कलाकार सुशांत चक्रवर्ती ने बच्चों को चित्रकला की बारीकियां और विशेष गुर सिखाए। साथ ही, शनिवार को आयोजित आर्ट वर्कशॉप में शामिल सीनियर कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हॉबी सेंटर की छात्रा सानिया रंजन ने कहा कि गुरु शिव शंकर धर से चित्रकला की बारीकियां सीखकर उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। वहीं छात्रा श्रीमंती चक्रवर्ती ने बताया कि हॉबी सेंटर के मार्गदर्शन से ही वे बेहतर चित्रकारी कर पा रही हैं।हॉबी सेंटर के डायरेक्टर शिव शंकर धर ने बताया कि यहां से प्रशिक्षित कई विद्यार्थी आज देश के विभिन्न स्कूलों में आर्ट एंड ड्राइंग टीचर के रूप में कार्य कर रहे हैं और अगली पीढ़ी को इस कला में निपुण बना रहे हैं। परीक्षा और कार्यशाला के सफल आयोजन से बच्चों एवं अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Comment