मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार में उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार में उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विकास, आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और प्रदेश की विकास योजनाओं को गति देने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेने के उद्देश्य से हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई है।
कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल स्थित श्री मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी। संस्थान को योग एवं ध्यान, आयुर्वेद अनुसंधान, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन, ललित कला, हिंदू अध्ययन एवं दर्शन तथा आध्यात्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके अलावा उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी गई, जिसके तहत परिसंपत्तियों के विनिवेश एवं मुद्रीकरण से प्राप्त आय का 92 प्रतिशत संबंधित सार्वजनिक अभिकरणों को दिए जाने का प्रावधान होगा।
बैठक में उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक-2026
बैठक में उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक-2026 और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक-2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी दी गई। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में भूमि उपयोग और विकास गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली-2026 को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही वर्ष 2026 के विधानसभा के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी देते हुए उसकी तिथि और स्थान निर्धारित करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
युवाओं और कर्मचारियों से जुड़े फैसलों में सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती संबंधी नई नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई। स्वजल और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के कुल 215 पदों की निरंतरता 28 फरवरी 2027 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन तथा मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत असाधारण साहस, पराक्रम और मानवीय संवेदना का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
कैबिनेट ने हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम सिसौना में प्रस्तावित किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की निर्धारित चौड़ाई में तीन मीटर की छूट देते हुए छह मीटर चौड़े मार्ग को मंजूरी दी। वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में औद्योगिक से आवासीय भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधारने को स्वीकृति दी गई। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

